देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स हाल ही में इंडिका विस्टा D90 को लांच करने और विस्टा बेस्ड विस्टा D90 एक्सट्रीम को प्रदर्शित करने के बाद नई प्रीमियम हैचबैक कार को तैयार करने पर काम कर रही है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक टाटा छोटी हैचबैक कार को बाजार में लाकर मारुति और हुंडइ समेत अन्य कंपनियों को टक्कर देना चाहती है।
नई हैचबैक कार के निर्माण से जुड़े एक कर्मचारी ने बताया कि कंपनी अपने इंडिका प्लेटफार्म पर फिर से काम कर रही है और उम्मीद की जा रही है कि यह 2015 में टाटा की सबसे बड़ी लांचिंग होगी। इंडिका के नए प्लेटफार्म पर आधारित कार को कंपनी मारुति और हुंडइ को टक्कर देने के लिए आकर्षक दामों पर पेश करेगी।
कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि लोगों को नई कार का स्टाइल और लुक काफी पसंद आएगा। नई कार का डिजाइन संभवतया 31 मार्च तक तैयार कर लिया जाएगा और इसके बाद इसे वेंडर्स को भेजा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक नई कार में 3 सिलेंडर वाला 1.05 लीटर का डीजल इंजन होगा। नई कार के विकास पर टाटा 4,000 से 5,000 करोड़ रुपये खर्च करने की प्लानिंग कर रही है।