फ्रेंच कार निर्माता रेनो की suv डस्टर को भारतीय कार प्रेमियों में बेहद पसंद किया जा रहा है। डस्टर की लांचिंग ने देश में एक बार फिर से कॉम्पैक्ट suv के चलन को बढ़ावा दे दिया है। कुछ कार निर्माताओं ने रेनो से पहले इस सेग्मेंट की कारों को लांच किया था, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिल सकी थी।
डस्टर वर्तमान में देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली suv कारों में से एक हैं। डस्टर की सफलता को देखकर अन्य कार कंपनियों ने भी इस सेग्मेंट की कार बनाने का निर्णय लिया। डस्टर के आने के बाद महिंद्रा ने कॉम्पैक्ट suv सेग्मेंट में अक्तूबर माह में क्वांटो को पेश किया। क्वांटो ने भी बाजार में बिक्री का अच्छा रिकार्ड बनाया है। इसके साथ ही फोर्ड भी नए साल में कॉम्पैक्ट suv इकोस्पोर्ट को पेश करने की तैयारी कर रही है। इसकी कीमत डस्टर से मिलती-जुलती होगी।
फ्रेंच कार निर्माता रेनो फोर्ड को ऐसा कोई भी मौका देना नहीं चाहती जिससे वह कॉम्पैक्ट suv की बिक्री में फोर्ड से पिछड़ जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए रेनो 2013 की पहली तिमाही में डस्टर के FWD (फोर व्हील ड्राइव) वर्जन को पेश करने की तैयारी कर रही है। इसकी कीमत मौजूदा डस्टर के पेट्रोल और डीजल वर्जन से एक लाख रुपये ज्यादा होगी।
कंपनी डस्टर के FWD मॉडल को चेन्नई स्थित संयंत्र में तैयार कर रही है। यहां से इसे ब्रिटिश मार्केट में निर्यात किया जाएगा। इससे इसकी भारत में मार्च में लांचिंग की उम्मीद कम हो गई है।