इसमें कोई ताज्जुब की बात नहीं है कि भारतीय पैसेंजर कार की बिक्री लगातार कम होती जा रही है। अक्टूबर का त्यौहारी महीना भी कार बाजार के लिए कोई खास चमत्कार करके नहीं गया। उम्मीद की जा रही थी कि नवंबर कुछ बेहतर का सकता है।
नवंबर महीने में पैसेंजर कार बिक्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह कार कंपनियों के लिए काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। काफी समय के बाद कार कंपनी मारुति बिक्री 6 अंकों का आंकड़ा छूने में कामयाब रही है। अन्य कंपनियों ने कुछ खास इजाफा नहीं किया, जबकि अधिकतर कार कंपनियां की बिक्री में कमी दर्ज हुई है।
टॉप दस कारों की बिक्री में मारुति की पांच कारें शामिल हैं। इसके अलावा हुंडई, होंडा और महिंद्रा की कारें हैं। टोयोटो, टाटा, फोर्ड, शेवरले, फॉक्सवैगन, रेनॉ, निसान, स्कोडा, फिएट और डैटसन की बिक्री नवंबर 2013 के मुकाबले नवंबर 2014 में कम रही है। आइए एक नजर डालते हैं। नंवबर 2014 में सबसे ज्यादा बिकने वाली दस पैसेंजर कारों पर।
मारुति अल्टो सबसे ज्यादा बिकने वाली कार
नवंबर, 2014 में कंपनी की सबसे पसंदीदा कार मारुति सुजुकी अल्टो की 24,201 यूनिट्स की बिक्री की गई है। अपने शानदार लुक और बेहतरीन फीचर्स की वजह से अल्टो काफी भारतीय की पंसद है।
कंपनी ने इस कार में 796 सीसी, 3 सिलेंडर पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया है। जो 46 हॉर्स पॉवर की पॉवर देने में समक्ष है। इसके अलावा इस कार में 5 स्पीड मैनुअल गियर बॉक्स को शामिल किया गया है। एलएक्सआई वैरिएंट की कीमत 2.99 लाख रुपए है।
हाल ही में कंपनी ने अपनी छोटी कार अल्टो के10 नेक्स्ट जेनरेशन को बाजार में पेश कर दिया। इसकी शुरुआती कीमत 3.06 रुपए तय की गई है।
अल्टो के10 कार में ऑटोमेटिक गियर शिफ्ट वर्जन भी मौजूद है जिसकी कीमत एक्स शोरूम दिल्ली कीमत 3.80 लाख रुपए है। कंपनी का दावा है कि इस कार के इंजन में पूरी तरह से बदलाव किया गया है और यह कार पिछली के10 की तुलना में 15 फीसदी अधिक माइलेज देगी।
दूसरा स्थान मारुति स्विफ्ट
मारुति स्विफ्ट की 17,900 इकाईयां नवंबर के महीने में बेची गई हैं। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक स्विफ्ट का नया अवतार लॉन्च किया है। कंपनी ने फेसलिफ्ट स्विफ्ट की कीमत 4.42 लाख रुपए तय की है जबकि डीजल वैरियंट की कीमत 5.56 लाख रुपए (एक्स शोरूम दिल्ली) है।
मारुति स्विफ्ट के नए अवतार में पुश स्टार्ट बटन, रिवर्स पार्किंग असिस्टेंट, नई फ्रंट प्रोफाइल, प्रीमियम इंटीरियर, और यह कार पहले से 10 फीसदी ज्यादा माइलेज देगी।
पेट्रोल और डीजल दोनों मॉडल में पेश यह कार 1.2-litre K-Series VVT पेट्रोल इंजन के साथ 20.4 किलोमीटर प्रतिलीटर का माइलेज देती है जो कि पहले वाले मॉडल से 9.67 फीसदी ज्यादा है। पेट्रोल वैरियंट की कीमत 4.42 लाख से 5.9 लाख रुपए तक है।
नई स्विफ्ट डीजल 1.3-litre DDiS इंजन पर 25.2 किलोमीटर प्रतिलीटर का माइलेज देती है। डीजल वैरियंट की कीमत 5.56 लाख से 6.95 लाख रुपए तक है।
मारुति स्विफ्ट को भारत में 2005 में पहली बार लॉन्च किया गया था।
मारुति स्विफ्ट डिजायर
मारुति सुजुकी की सेडान स्विफ्ट डिजायर देश की नंबर तीन कार बन गई है। अल्टो और स्विफ्ट हैचबैक के बाद डिजायर की बिक्री नवंबर में 14,009 यूनिट्स रही है।
मारुति सुजुकी के नए स्विफ्ट डिजायर की शुरुआती कीमत 4.80 लाख रुपए से लेकर 7.09 लाख रुपए है। नए स्विफ्ट डिजायर में ऑटोमैटिक गियर का ऑप्शन भी है।
नई स्विफ्ट डिजायर लम्बाई में 4 मीटर से कम होगी। डिजायर का पहला वर्जन मार्च 2008 में लॉन्च किया गया था।
स्विफ्ट डिजायर पेट्रोल और डीजल दोनों वैरिएंट में मौजूद है। 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन 87बीएचपी पावर देने में सक्षम है और 1.3 लीटर डीजल इंजन 75बीएचपी पावर देने में सक्षम है।
मारुति वैगन आर
चौथे नंबर पर मारुति सुजुकी की लोकप्रिय कार वैगन आर है। नवंबर, 13,545 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी देश में 15 लाख से ज्यादा हो वैगन आर बेच चुकी है। यह कार भारतीय बाजार में छोटे परिवार की टॉप 5 कारों में से एक है।
हाल ही में कंपनी ने वैगन आर का लिमिटेड एडिशन Wagon R Krest लॉन्च किया है।
मारुति के नए Wagon R Krest मॉडल में कीलैस सेंटर लॉकिंग की सुविधा दी गई है। मारुति वैगन 1 लीटर K सीरीज इंजन पर दौड़ती है। ये 68पीएस अधिकतम पावर देने में सक्षम है।
पेट्रोल पर 20.5 किमी प्रति लीटर, सीएनजी पर 26.6 किमी प्रति किग्रा और एलपीजी पर चलाने पर वैगन आर 14.6 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है।
हुंडई एलीट आई20
हुंडई एलीट टॉप फाइव कारों में शामिल है। कंपनी ने नवंबर, 2014 में 10,552 एलीट आई20 की बिक्री की है।
हाल ही में हुंडई ने अपनी लोकप्रिय कार आई20 के नए वर्जन हुंडई एलीट आई20 भारतीय बाजार में उतारा है। कंपनी ने इस प्रीमियम हैचबैक कार के पेट्रोल वर्जन की शुरुआती कीमत 4.89 लाख रुपए और डीजल वैरियंट की शुरुआती कीमत 6.1 लाख रुपए है।
कंपनी ने इस कार को नए एक्सटीरियर प्रोफाइल और पूरी तरह से नए इंटीरियर डिजाइन के साथ पेश किया है।
हुंडई एलीट कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये 1.2 लीटर कप्पा पेट्रोल इंजन के साथ काम करती है जो 81बीएचपी पावर और 115एनएम टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। पेट्रोल वर्जन 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन पर उपलब्ध है।
कंपनी ने हुंडई एलीट आई20 डीजल वैरियंट 1.4 लीटर यू2 डीजल इंजन का इस्तेमाल किया है जो पहले की तरह 88.8बीएचपी पावर और 220एनएम टार्क जनरेट करता है। डीजल एलीट आई20 में 6 स्पीड मैन्युल ट्रांसमिशन दिया गया है।
छठे नबंर पर हुंडई की ग्रैंड आई10 (8,396), सातवें स्थान पर होंडा सिटी (7251), आठवें स्थान पर मारुति ओमनी (7214), नौवें स्थान पर हुंडई ईओन (6626) और महिंद्रा बोलेरो (6300) दसवें स्थान पर है।