जनरल मोटर्स ने शुक्रवार को भारतीय बाजार में अपनी शानदार सेडान कार शेवरले क्रूज का नया अवतार पेश किया है। कंपनी ने इसके तीन वेरिएंट एलटी एमटी, एलटीजेड एमटी और एलटीजेड एटी में लांच किया है। क्रूज के नये मॉडल की शुरूआती कीमत 14.53 लाख रुपये रखी गई है।
फ्यूल एफिशिएंट इंजन
शेवरले क्रूज के नये मॉडल को पहले से ज्यादा पॉवरफुल और फ्यूल एफिशिएंट कार के रूप में देखा जा रहा है। कंपनी ने इस नई कार में अपनी लोकप्रिय जेड सीरीज के बेहतरीन डीजल इंजन का प्रयोग किया है।
क्रूज के नये अवतार के इंटीरियर और एक्सटीरियर में कोई खास बदलाव नहीं किया गया है। पुराने मॉडल के मुकाबले नये मॉडल के इंजन में बदलाव किया गया है।
सेडान सेग्मेंट में ज्यादा पॉवर
शेवरले क्रूज के नये अवतार में पुराने मॉडल की ही तरह 2 लीटर वीसीडीआइ तकनीक का प्रयोग किया गया है। नयी क्रूज में 1991 सीसी के बजाय 1998 सीसी का इंजन इस्तेमाल किया गया है।
नई क्रूज का 1998 सीसी का इंजन इसे सेडान सेग्मेंट की कारों में सबसे ज्यादा पॉवरफुल बनाता है, 164 बीएचपी का इंजन इसे पहले से ज्यादा शक्ति प्रदान करता है। पुरानी क्रूज में 148 बीएचपी का इंजन यूज किया गया था।
ऑटोमेटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन
नई शेवरले क्रूज को 6- स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक दोनों ट्रांसमिशन के साथ पेश किया गया है। जो कि इसे पहले से ज्यादा फ्यूल एफिशिएंट कार बनाता है।
पुरानी क्रूज में केवल 5-स्पीड मैनुअल गियर बॉक्स ही मौजूद था। कंपनी के मुताबिक नई क्रूज 17.3 किमी प्रति लीटर का माइलेज देगी। नये मॉडल को सात आकर्षक रंगों में पेश किया गया है।
शेवरले क्रूज के एलटी एमटी मॉडल का ऑन रोड प्राइज 14.53 लाख रुपये, एलटीजेड एमटी मॉडल का 15.49 लाख रुपये और एलटीजेड एटी मॉडल का 16.44 लाख रुपये है।