जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज बेंज ने लखनऊ में अपना शो-रूम खोला है। यह उत्तर प्रदेश में मर्सिडीज का पहला शो-रूम है। कंपनी ने अपने कारोबार को बढ़ाने के मकसद से कुछ दिन पहले ही देश के टायर-2 टाइप शहरों जैसे इंदौर और करनाल में भी अपने शो-रूम खोले हैं।
लखनऊ में नए खोले गए शो-रूम से मौजूदा वित्तीय वर्ष में कंपनी का लक्ष्य 50 कारों की बिक्री करने का है। साल 2013 में कंपनी का लक्ष्य कार बिक्री के आंकड़े को दोगुना करने का है। हालांकि कंपनी पहले ही उत्तर प्रदेश में अपने दिल्ली स्थित शो-रूम से 50 कारों की बिक्री कर चुकी है।
शोरूम के उद्घाटन के मौके पर मर्सिडीज के सेल्स एंड मार्केटिंग डायरेक्टर देबाशीष मित्रा ने बताया कि दो से तीन साल पहले तक देश में मर्सिडीज की कुल बिक्री में 70 फीसदी मुंबई और दिल्ली में होती थी। समय बदल गया है, अब यह आंकड़ा 70 फीसदी से घटकर 50 प्रतिशत पर आ गया है। जिससे टायर-2 टाइप शहरों पर कंपनी का विश्वास पहले के मुकाबले बड़ा है।
मित्रा ने कहा कि हम इस बात को लेकर पूरे आश्वस्त है कि आगे आने वाले समय में कंपनी की ग्रोथ में टायर-2 और टायर-3 टाइप शहरों का अहम योगदान होगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों में लखनऊ में कंपनी की कारों की बिक्री संतोषजनक रही है। नया शो-रूम लखनऊ और उसके आसपास के शहरों कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर और आगरा में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए खोला गया है।
कंपनी देश में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। मित्रा ने बताया कि आगामी वर्षो में हमारी देश के टायर-2 टाइप शहरों में प्रत्येक वर्ष 8 से 10 शोरूम खोलने की योजना है। मौजूदा समय में देशभर में कंपनी के 31 शो-रूम मौजूद है।