मारुति सुजुकी की आकर्षक फीचर्स से लैस पहली मल्टी यूटिलिटी कार (MPV) 'अर्टिगा' को लोगों में काफी पसंद किया जा रहा है। हालांकि कंपनी ने इस सेगमेंट के लिए अपना नया नाम एलयूवी यानी लाइफ यूटिलिटी व्हीकल दिया है। भारतीय कार बाजार में 'अर्टिगा' लो मेंटीनेंस कार और MPV कारों की श्रेणी में सबसे अलग है। सात सीट वाली अर्टिगा एक फैमिली कार भी है। अर्टिगा के दामों की बात करें तो इसके दाम MPV कारों की श्रेणी में किफायती है।
अर्टिगा की लांचिंग के बाद मारुति की यूटिलिटी सेगमेंट की कारों में एंट्री हो गई है। इससे पहले मारुति इस सेगमेंट की कारों में बड़ी प्लेयर नहीं थी। SUV सेगमेंट समेत अन्य सेगमेंट की कारों में मारुति अच्छा प्रदर्शन कर चुकी है। इसके अलावा मारुति की ओमनी और इको भी ग्राहकों पर पकड़ बनाने में कामयाब रही है। अर्टिगा मारुति की पहली ऐसी यूटिलिटी कार है जो प्रीमियम प्रोडक्ट के तौर पर शहरी ग्राहकों को टारगेट करके लांच की गई है।
मारुति ने अर्टिगा को पेट्रोल और डीजल दोनों वर्जन में पेश किया हैं। मारुति स्विफ्ट के कॉसेप्ट पर आधारित अर्टिगा के पेट्रोल वर्जन में 1.4 लीटर का 1372सीसी के-सीरीज इंजन है। छह हजार rpm पर इस इंजन की क्षमता 95 bhp है। के-सीरीज इंजन होने के कारण अर्टिगा फ्यूल एफिशिएंट कार है। कंपनी के मुताबिक पेट्रोल से चलने वाली अर्टिगा 16.2 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देगी।
अर्टिगा के डीजन वर्जन का इंजन मारुति की sx 4 सेडान से मिलता-जुलता है। इसका 1.3 लीटर 1196 सीसी का डीजल इंजन इसको दमदार बनाता है। चार हजार rpm पर इसकी क्षमता 90 bhp है। यह कार 20.77 किलोमीटर प्रतिलीटर का एवरेज देने में सक्षम है। अर्टिगा का आकर्षक इंटीरियर इसकी क्वालिटी में चार चांद लगा देता है।
मिनी MPV सेगमेंट की कारों में अर्टिगा का स्पेस भी मजेदार है। अर्टिगा MPV बाजार में ग्राहकों के लिए छह वेरिएंट Lxi, Vxi, Zxi, Ldi, Vdi और Zdi में उपलब्ध है। इसकी कीमत 5.89 लाख रुपये से लेकर 8.45 लाख रुपये के बीच है। अर्टिगा की खासियत है कि इसमें सीट की तीन कतारें हैं, जिनमें चालक के साथ कुल आठ लोग बैठ सकते हैं। सभी कतार की सीट को कई तरह से एडजस्ट किया जा सकता है। पीछे की सीट मोड़ देने पर इसमें काफी जगह निकल आती है, जिसका इस्तेमाल सैर-सपाटे के लिए सामान रखने के लिए हो सकता है।
आर 3 कॉसेंप्ट की अर्टिगा को मारुति ने पहली बार ऑटो एक्सपो 2010 में प्रदर्शित किया था। कंपनी ने इस कार को बाजार में अप्रैल 2012 में उतारा था। मारुति ने अर्टिगा को विशेष तौर पर भारतीय बाजार के लिए तैयार किया है। अर्टिगा को कंपनी के गुड़गांव प्लांट में तैयार किया गया है। कंपनी ने अर्टिगा को डेवलप करने में करीब 430 करोड़ रुपए का खर्च किए हैं।
(cardekho.com)