कार निर्माता कंपनी फोर्स मोटर्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एसयूवी कार गुरखा को भारतीय बाजार में लांच कर दिया है। फोर्स की यह एसयूवी मर्सिडीज बेंज G वेगन के प्लेटफार्म पर आधारित है। अभी कंपनी इसका बीएस 3 वर्जन लाई है, इसका बीएस 4 वर्जन बाद में आएगा। फोर्स ने गुरखा को 2 डब्लूडी और 4 डब्लूडी (व्हील ड्राइव) दोनों वर्जन में उतारा है। इसका बेस प्राइज 6.25 लाख रुपये है।
फोर्स ने गुरखा को तीन वेरिएंट 2 डब्लूडी सॉफ्ट टॉप, 4 डब्लूडी डब्लूडी सॉफ्ट टॉप और 4 डब्लूडी हार्ड टॉप में पेश किया है। तीनों मॉडल की दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत क्रमशः 6.25 लाख, 8.35 लाख और 8.50 लाख रुपये है। इसमें 2.6 लीटर का टर्बो डीजल है, जिसकी 75bhp क्षमता और 195Nm टॉर्क है। 5 स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स वाली गुरखा एसयूवी के सॉफ्ट टॉप में 6 लोग आसानी से बैठ सकते हैं, वहीं हार्ड टॉप वेरिएंट में 5 लोग बैठ सकते हैं।
भारतीय बाजार में फोर्स गुरखा लोकप्रिय कार नहीं है, फोर्स अपनी इस एसयूवी की इंडियन मार्केट में पहले भी बिक्री कर चुकी है। कंपनी का सर्विस नेटवर्क कमजोर होने, पुराने लुक और टेक्नोलॉजी के चलते इसे भारतीय बाजार में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल सकी। इसे इंडियन ऑटो मार्केट में करीब चार साल उतारा गया था।
इस बार कंपनी ने अपने डीलर नेटवर्क को मजबूत करने, टेक्नोलॉजी और रिसर्च में काफी पैसा खर्च किया है। फोर्स को उम्मीद है कि गुरखा से उसे भारतीय बाजार में मजबूती मिलेगी। करीब एक साल पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा ने ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने में मददगार 'थार' को लांच किया था, गुरखा को भी इसी तरह की एसयूवी के रुप में लांच किया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि गुरखा महिंद्रा की थार, मारुति जिप्सी और महिंद्रा बोलेरो को टक्कर देने में कामयाब होगी।