इंडियन ऑटो मार्केट में लॉंचिंग के हिसाब से पिछले महीने सुस्त रहे हैं। नए साल की शुरूआत के बाद जून में एक साथ कई कारों के लॉंच होने की उम्मीद की जा रही है।
नई आने वाली कारों में से कुछ कारें ऐसी हैं जिनका कार प्रेमियों को पिछले करीब एक साल से इंतजार है। जल्द ही लॉंच होने वाली कारों में फोर्ड की कॉम्पैक्ट एसयूवी इकोस्पोर्ट का काफी समय से लोगों को इंतजार है।
इकोस्पोर्ट के आने से एसयूवी सेग्मेंट की कारों में कंप्टीशन और बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। आगे बात कर रहे हैं हम जून माह में लॉंच होने वाली नई कारों के बारे में।
एसयूवी फोर्ड इकोस्पोर्ट
लंबे इंतजार के बाद फोर्ड की एसयूवी इकोस्पोर्ट के लॉंच होने का समय नजदीक आ गया है। कार की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। इकोस्पोर्ट को तीन अलग-अलग तरह के इंजन ऑप्शन 1.5 लीटर पेट्रोल, 1.5 लीटर डीजल और 1.0 लीटर इकोबूस्ट इंजन के ऑप्शन में लॉंच किया जाएगा।
महिंद्रा वेरिटो वाइब
महिंद्रा एंड महिंद्रा तेजी के साथ लोकप्रिय हो रहे हैचबैक सेग्मेंट में कदम रखने जा रही है। कंपनी इसी महीने अपनी पसंदीदा सेडान कार वेरिटो के हैचबैक वर्जन 'वेरिटो वाइब' को लॉंच करने की तैयारी कर रही है। कंपनी वेरिटो वाइब को इंडियन मार्केट में 5 जून को पेश्ा करेगी। नई कार में 1.5 लीटर का डीजल इंजन होने की उम्मीद है।
अंबेसडर बीएस 4 डीजल
हिन्दुस्तान मोटर्स ने आधिकारिक रूप से अंबेसडर का डीजल वर्जन इसी महीने लॉंच करने की घोषणा की है। अंबेसडर बीएस 4 को जून के अंतिम सप्ताह तक पेश किए जाने की उम्मीद है। कार में 1.5 लीटर का डीजल इंजन होगा।
फिएट लीनिया टी-जेट
कार निर्माता कंपनी फिएट अपनी नई कारों को लोगों तक ज्यादा से ज्यादा पहुंचाने के लिए देश में डीलरशिप नेटवर्क को बढ़ा रही है। कंपनी इसी महीने लीनिया टी-जेट को लॉंच करने वाली है। लीनिया टी-जेट को फिएट रि-लांच कर रही है।
वोल्वो V40 क्रॉस कंट्री
लग्जरी कार बनाने वाली वोल्वो 14 जून को अपनी 'V40 क्रॉस कंट्री' को देश के बाजार में लॉंच करेगी। नई कार की टक्कर बीएमडब्लू X1 और ऑडी Q3 से मानी जा रही है।