बिक्री की कमी से जूझ रही ऑटो इंडस्ट्री को रिवाइवल के लिए अब नई सरकार से ही उम्मीद दिख रही है।
इंडस्ट्री के अनुसार जिस तरह से लगातार वाहनों की बिक्री गिर रही है, ऐसे में अब लोकसभा चुनावों के बाद आने वाली नई सरकार ही कुछ कदम उठा सकती है।
इंडस्ट्री के अनुसार मौजूदा परिस्थितियों में अभी की सरकार से किसी खास तरह के कदम उठाने की संभावना कम है। नवंबर के आंकड़ों के अनुसार कारों की बिक्री में 8.15 फीसदी की कमी आई है। लगातार कम हो रही बिक्री की वजह से कंपनियों ने अपने उत्पादन में भी कटौती करना शुरू कर दिया है।
मंगलवार को सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्सचर्स (सिआम) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार त्योहारों का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर से लगतार दूसरे महीने कारों की बिक्री गिरी है।
नवंबर में कारों की कुल 1,42,899 बिक्री हुई है। जबकि इसी अवधि में पिछले साल 1,55,535 कारों की बिक्री हुई थी। सिआम के डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुगातो सेन के अनुसार इंडस्ट्री काफी चुनौती भरे दौर से गुजर रही है। हमें इस बात का अंदाजा था कि नवंबर में बिक्री त्योहारों के बाद मांग में कमी की वजह से कम होगी। सेन के अनुसार मांग में कमी के लिए जो मौजूदा परिस्थितियां उसमें अब नई सरकार के आने के बाद ही बदलाव होगा। मौजूदा स्थितियों में सरकार रिवाइवल के लिए बहुत खास कदम नहीं उठा सकती है।
नवंबर के महीने देश में मारूति सुजूकी इंडिया के कारों की बिक्री में 4.22 फीसदी की कमी आई है। कंपनी अभी अपनी उत्पादन क्षमता का 70 फीसदी ही इस्तेमाल कर रही है। जिसके अगले महीने से बढ़ने की संभावना है। कंपनी ने 71,649 कारों की बिक्री की है। इसी तरह हुंडई मोटर के कारों की बिक्री 3.66 फीसदी कम होकर 33427 कारें इस दौरान रही है। वहीं टाटा मोटर्स के कारों की बिक्री में 41.50 फीसदी की भारी कमी आई है। कंपनी ने इस अवधि में केवल 7,910 कारों की बिक्री की है।
हालांकि नवंबर का महीना होंडा कार इंडिया के लिए अच्छा रहा है। कंपनी की सेडान अमेज की मांग से कंपनी के कारों की बिक्री नवंबर में 150 फीसदी बढ़ी है। कारों की तरह वाणिज्यिक वाहनों की मांग में भी इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की सुस्ती का असर हुआ है। नवंबर के महीने में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 28.78 फीसदी गिरी है। इस अवधि में कुल 43,730 वाहनों की ही बिक्री हुई है।
लौट आए स्कूटर के दिन
नए स्टाइल और लुक के साथ बाजार में स्कूटर आने के बाद स्कूटर कंपनियों के लिए सुस्त अर्थव्यवस्था में भी अच्छी मांग रही है। नवंबर के महीने में स्कूटर की बिक्री में 25.03 फीसदी का इजाफा हुआ है। नवंबर महीने में 3,05,586 में स्कूटरों की बिक्री हुई है। मोटरसाइकिल सेगमेंट में स्कूटरों जैसी मांग नहीं रही हैं। नवंबर में 1.44 फीसदी बिक्री बढ़ी है।