अग्रणी कार निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स की भारतीय इकाई जनरल मोटर्स इंडिया ने बहुप्रतीक्षित शेवरले सेल सेडान को भारतीय बाजार में लांच कर दिया है। दिल्ली में इसकी शुरूआती कीमत 4.99 लाख (एक्स शोरूम) रुपये है। इससे पहले कंपनी ने हैचबैक सेग्मेंट वाली शेवरले सेल U-VA को नवंबर 2012 में पेश किया था।
पेट्रोल और डीजल वर्जन में लांच होने वाली सेल सेडान कुल 8 वेरिएंट में बाजार में आएगी, जिसमें से 4 पेट्रोल और 4 डीजल मॉडल होंगे। राजधानी दिल्ली में सेल के पेट्रोल मॉडल की कीमत 4.99 लाख से 6.42 लाख के बीच और डीजल मॉडल के एक्स शोरूम दाम 6.29 लाख रुपये से 7.52 लाख के बीच होगा।
कंपनी ने सेडान सेग्मेंट की नई कार को मारुति स्विफ्ट डिजायर को टक्कर देने के लिए लांच किया है। इससे पहले जीएम हैचबैक कार स्विफ्ट से मुकाबले के लिए सेल U-VA को पेश कर चुकी है। कंपनी को उम्मीद है कि उसकी सेल सेडान स्विफ्ट डिजायर और टोयोटा इटिओस की बिक्री पर प्रभाव डालेगी।
सेल सेडान के पेट्रोल वर्जन में 4 सिलेंडर वाला 1.2 लीटर का स्मार्टटेक इंजन और डीजल वर्जन में 1.3 लीटर का मल्टीजेट इंजन है। पेट्रोल से चलने वाली सेल में शेवरले की बीट जैसा ही इंजन होगा। इसकी अधिकतम क्षमता 84bhp और 116Nm टॉर्क है और यह 18.2 किमी. प्रति लीटर का माइलेज देगी।
डीजल इंजन की सेल की स्विफ्ट डिजायर जैसी क्षमता होगी और यह 22.1 किमी. प्रति लीटर का माइलेज देगी। पेट्रोल और डीजल दोनों ही वेरिएंट को 5 स्पीड मैन्युअल गियर बॉक्स दिया गया है। नई कार में कंपनी ने एडवांस फीचर दिए हैं, जो कि इसे काफी सुरक्षित बनाते हैं। हालांकि नए फीचर्स टॉप वेरिएंट में भी उपलब्ध होंगे।