कार के बंपर, व्हील आर्च और दरवाजों के निचले हिस्से पर लगी मजबूत प्लास्टिक की लेयर को क्लैडिंग कहा जाता है। एसयूवी (SUV) कारों में यह ज्यादा चौड़ी होती है ताकि उन्हें रफ-एंड-टफ लुक मिल सके, जबकि हैचबैक में यह पतली पट्टी के रूप में होती है।
क्यों है यह जरूरी?
1. पेंट और मेटल बॉडी का सुरक्षा कवच
जब गाड़ी कीचड़ या पथरीले रास्तों पर चलती है, तो टायर से छोटे कंकड़ और मलबा उछलकर सीधे बॉडी पर लगते हैं। अगर क्लैडिंग न हो, तो ये कंकड़ कार के पेंट को छील सकते हैं। प्लास्टिक क्लैडिंग इन झटकों को खुद झेल लेती है और कार की असली बॉडी को सुरक्षित रखती है।
ये भी पढ़े: SIAM : देश में कार बिक्री में महाराष्ट्र और बाइक में यूपी नंबर-1; देखें भारत के राज्यों की ऑटो सेल्स रिपोर्ट
2. डेंट और स्क्रैच का खर्च होगा कम:
अक्सर तंग गलियों में या पार्किंग के दौरान कार दीवार या खंभे से रगड़ खा जाती है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले क्लैडिंग पर असर पड़ता है। चूंकि यह काले प्लास्टिक की होती है, इसलिए इस पर छोटे-मोटे स्क्रैच नजर नहीं आते। अगर यह टूट भी जाए, तो इसे बदलना पूरे बंपर को पेंट कराने या बदलने की तुलना में बहुत सस्ता पड़ता है।
3. जंग (Rust) को रखती है कोसों दूर:
बरसात के पानी और कीचड़ के सीधे संपर्क में आने से कार की लोहे की बॉडी में जंग लगने का खतरा रहता है। क्लैडिंग एक बैरियर की तरह काम करती है, जो नमी और गंदगी को मेटल तक नहीं पहुंचने देती। इससे कार की लाइफ बढ़ती है और रीसेल वैल्यू भी अच्छी रहती है।
4. मस्कुलर और प्रीमियम लुक:
आजकल क्लैडिंग कार के स्टाइल स्टेटमेंट का हिस्सा बन गई है। यह कार को जमीन से थोड़ा ऊंचा (High Ground Clearance) और दमदार दिखाती है। अगर आपकी कार में कंपनी फिटेड क्लैडिंग नहीं है, तो आप इसे आफ्टर-मार्केट एक्सेसरीज के तौर पर भी लगवा सकते हैं।
ये भी पढ़े: मर्सिडीज की कारों में सॉफ्टवेयर बग: कंपनी ने भारत में रिकॉल की 149 लग्जरी गाड़ियां, ADAS सिस्टम में खामी है वजह
क्या क्लैडिंग के नुकसान भी हैं?
संतुलित नजरिए से देखें तो कुछ छोटी कमियां भी हैं। ऑटो एक्सपर्ट्स के अनुसार, समय के साथ प्लास्टिक का रंग फीका पड़ सकता है। सस्ती आफ्टरमार्केट क्लैडिंग ढीली हो सकती है और खराब फिटमेंट से पानी फंस सकता है। इसलिए अगर आफ्टरमार्केट क्लैडिंग लगवाएं तो क्वालिटी और फिटमेंट का ध्यान रखें।
आफ्टरमार्केट ऑप्शन भी उपलब्ध
क्लैडिंग फैक्ट्री-फिटेड भी आती है और चाहें तो मार्केट से अलग से लगवाई जा सकती है। लेकिन ध्यान रखें कि OEM या अच्छी ब्रांडेड क्लैडिंग चुनें।
- इंस्टॉलेशन प्रोफेशनल से करवाएं
- वारंटी और फिटमेंट की जांच करें
किन लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद?
एक्सपर्ट कहते हैं कि क्लैडिंग खासतौर पर फायदेमंद है अगर आप खराब या कच्ची सड़कों पर ज्यादा ड्राइव करते हैं और आपकी पार्किंग तंग जगह पर है, या फिर शहर में बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक में ड्राइव करते हैं तो ये फायदेमंद साबित हो सकते हैं।