मशहूर ब्रिटिश बाइक निर्माता BSA Motorcycles (बीएसए मोटरसाइकल्स) को 2021 में विश्व स्तर पर पुनर्जीवित किया गया था। और अब इस ब्रांड ने भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय बाजार में वापसी की है। बीएसए मोटरसाइकल्स ने अपनी पहली पेशकश, Gold Star 650 (गोल्ड स्टार 650) को लॉन्च किया है। जिसकी कीमत हाइलैंड ग्रीन और इन्सिग्निया रेड कलर ऑप्शन के लिए 3 लाख रुपये (दिल्ली में एक्स-शोरूम) है। जबकि मिडनाइट ब्लैक और डॉन सिल्वर कलर ऑप्शन की कीमत 3.12 लाख रुपये है। इसी बीच, शैडो ब्लैक कलर ऑप्शन की कीमत 3.16 लाख रुपये है और टॉप-ऑफ-द-लाइन लेगेसी एडिशन - शीने सिल्वर की कीमत 3.35 लाख रुपये है।
बुकिंग डिटेल्स
बीएसए मोटरसाइकल्स ने 15 अगस्त को गोल्ड स्टार 650 की लॉन्चिंग के साथ ही इसकी बुकिंग शुरू करने का एलान कर दिया है। BSA Gold Star 650 (बीएसए गोल्ड स्टार 650) यूके और यूरोप में 2021 से बिक्री के लिए उपलब्ध है। और इसका स्वामित्व एक भारतीय निर्माता - क्लासिक लीजेंड्स प्राइवेट लिमिटेड के पास है, जो महिंद्रा ग्रुप की सहायक कंपनी है। यह जावा और येजदी मोटरसाइकिलें भी बनाती है।
BSA Gold Star 650
- फोटो : BSA Motorcycles
रेट्रो डिजाइन
गोल्ड स्टार 650 मूल बीएसए गोल्ड स्टार की डिजाइन लैंग्वेज को बरकरार रखती है। जिसे मूल रूप से 1938 और 1963 के बीच बेचा गया था। मॉडर्न-क्लासिक डिजाइन में एक गोल हेडलैंप, घुमावदार फेंडर और एक टियर शेप फ्यूल टैंक शामिल है। बाइक क्रोम में कवर की गई है, साथ ही एक चौड़े सिंगल-पीस वाले हैंडलबार, एक सिंगल-पीस सीट और वायर-स्पोक वाले पहिये हैं। यह सभी बाइक के रेट्रो आकर्षण को और बढ़ाते हैं। बाइक में एक डिजिटल रीडआउट के साथ एक रेट्रो-स्टाइल वाला ट्विन-पॉड मीटर और यूएसबी चार्जिंग है।
इंजन पावर
बीएसए गोल्ड स्टार 650 में 652 सीसी, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन है। यह इंजन भारत में बिक्री के लिए जाने वाले सबसे बड़े डिस्प्लेसमेंट वाले सिंगल-सिलेंडर इंजन में से एक है। यह इंजन 6,500 आरपीएम पर 45 बीएचपी का पावर और 4,000 आरपीएम पर 55 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस मोटर को 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
BSA Gold Star 650
- फोटो : BSA Motorcycles
ब्रेकिंग और सस्पेंशन
इस मॉडर्न क्लासिक बाइक में एक क्रैडल फ्रेमका इस्तेमाल किया गया है। जिसमें सस्पेंशन ड्यूटी के लिए आगे की तरफ टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ ट्विन शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे दोनों तरफ डिस्क ब्रेक मिलते हैं। जिसमें डुअल-चैनल एबीएस के साथ 320 मिमी फ्रंट और 255 मिमी रियर डिस्क ब्रेक सेटअप होता है।
मुकाबला
भारतीय बाजार में बीएसए गोल्ड स्टार 650 का मुकाबला Royal Enfield Interceptor 650 (रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650) से होता है। जो दोनों मोटरसाइकिल निर्माताओं के बीच दशकों पुरानी प्रतिद्वंद्विता को फिर से जिंदा करता है, जिनकी उत्पत्ति ब्रिटेन में हुई थी। रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 की कीमत 3.03 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।