EV braking system problem: लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी कुछ इलेक्ट्रिक कारों को रिकॉल करने की घोषणा की है। इस रिकॉल में ऑडी ई-ट्रॉन, ऑडी ई-ट्रॉन स्पोर्टबैक, ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन और ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन स्पोर्टबैक शामिल हैं।
कितनी गाड़ियां प्रभावित?
फिलहाल कंपनी ने दो फरवरी 2018 से 11 जून 2024 की करीब 207 यूनिट्स को रिकॉल किया है। यह रिकॉल एक प्रिवेंटिव (एहतियाती) कदम के तौर पर उठाया है।
कौन-सी खामी सामने आई?
कंपनी के अनुसार, ब्रेकिंग सिस्टम के एक महत्वपूर्ण हिस्से में तकनीकी खामी पाई गई है। ब्रेक सर्वो पुश रॉड का बोल्टेड कनेक्शन निर्धारित स्पेसिफिकेशन पर खरा नहीं उतर रहा है। साथ ही समय के साथ यह कनेक्शन ढीला भी हो सकता है। इससे ब्रेक पेडल और ब्रेक सिस्टम के बीच मैकेनिकल लिंक प्रभावित हो सकता है। इन खामियों को देखते हुए हो अनुमान लगाया जा रहा है कि हाे सकता है कि इसका असर ब्रेक लगाने पर फोर्स सही तरीके से ट्रांसफर न हो पाए। ऐसा भी हो सकता है कि प्राइमरी ब्रेकिंग लिंक भी प्रभावित हो सकती है।
बैकअप सेफ्टी सिस्टम कैसे काम करेगा?
हालांकि कंपनी का दावा है कि इन गाड़ियों में पहले से ही एक बैकअप सेफ्टी सिस्टम दिया हुआ है।अगर इसका ब्रेकिंग सिस्टम प्रभावित होता है, तो ड्राइवर इलेक्ट्रोमैकेनिकल पार्किंग ब्रेक बटन को दबाकर होल्ड कर सकता है। फिर गाड़ी इमरजेंसी ब्रेकिंग मोड में चली जाती है और वाहन धीरे-धीरे नियंत्रित तरीके से रुक जाता है। यह फीचर आपात स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किया गया है।
अगर आपके पास ये मॉडल है तो क्या करें?
अगर आपके पास इन मॉडल्स में से कोई कार है, तो सबसे पहले अपने नजदीकी ऑडी डीलरशिप से संपर्क करें। परेशान न हो, क्योंकि कंपनी की ओर से मुफ्त में जांच और मरम्मत की जाएगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह कदम ग्राहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है।