एंट्री लेवल स्पोर्ट्स बाइक बनाने वाली कंपनियों के लिए भारत एक बड़ा बाजार साबित हो रहा है। इसका अंदाजा इसी से लग सकता है कि निंजा, सीबीआर, प्लसर, केटीएम के बाद सुजुकी भी अपनी बाइक उतारने जा रही है।
कंपनी अपनी 1300 सीसी की बी किंग के इस छोटे वर्जन को भारतीय सड़कों पर उतारेगी। कंपनी इसे पहले चीन में लॉन्च कर चुकी है। कंपनी का विचार इस बाइक को भारत के साथ यूरोपीय देशों में भी उतारने का है।
कंपनी ने ये फैसला होंडा सीबीआर 250 आर और पल्सर 250 के उतारने की घोषणा के बाद लिया है। कंपनी ने ये जानकारी अपने फेसबुक पेज के जरिए दी।
सुजुकी की इस नई स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर टीवीएस अपाचे, प्लसर 250, सीबीआई 250 आर और निंजा से होगी। जो पहले से ही बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।
सुजुकी की ये जीडब्लू 250 फोर स्ट्रोक, लिक्विड कूल, ट्विन सिलेंडर है। जो 8500 आरपीएम पर 26 बीएचपी की ताकत देती है। इसमें दो साइलेंसर लगे हैं जो इसे एक अलग लुक देते हैं।
इस बाइक का लुक परंपरागत स्पोर्ट्स बाइक से थोड़ा अलग है। इसका वजन 180 किलोग्राम है। बाइक में एबीएस लगे हैं साथ ही आगे पीछे डिस्क ब्रेक का इस्तेमाल किया गया है।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इसे साल की दूसरी छमाही तक बाजार में लॉन्च करेगी। इसकी कीमत एक लाख से ज्यादा ही रहेगी।