जापानी मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी होंडा की भारतीय इकाई होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआइ) इंडियन मार्केट में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए तेजी से फैसले ले रही है। बिक्री के आंकडों में वृद्धि करने के प्रयासो के बीच होंडा ने अपनी बाइक सीबीएफ स्टनर का उत्पादन बंद करने का निर्णय लिया है।
हीरो मोटोकार्प से अलग होने के बाद होंडा ने इंडियन मार्केट में कुछ नई बाइक्स भी लांच की है, कंपनी की नई बाइक्स लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। सीबीएफ स्टनर भारतीय बाजार में होंडा की पुरानी बाइक में से है, बाजार की डिमांड में चेंज होने के बाद कंपनी ने सीबीएफ का उत्पादन रोकने का निर्णय लिया है।
होंडा का सीबीएफ स्टनर का उत्पादन बंद करने के पीछे पहला कारण बाइक का समय के साथ अपग्रेड न होना और दूसरा कारण बाजार में बढ़ता कंप्टीशन भी माना जा रहा है। होंडा की कम्पटीटर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की इग्नाइटर भी सीबीएफ स्टनर पर आधारित है। हीरो की इग्नाइटर होंडा सीबीएफ से अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
ऐसे में सीबीएफ का उत्पादन रोकने का दूसरा कारण यह माना जा रहा है कि कंपनी ने अपनी बाइक सीरीज को पहले से बेहतर बनाने के लिए सीबीएफ का निर्माण रोकने का निर्णय लिया है। हीरो मोटोकार्प भारतीय बाजार में एक बड़ा ब्रांड है और कंपनी की इग्नाइटर होंडा की स्टनर से दाम में भी कम है। होंडा सीबीएफ स्टनर की दो वेरिएंट 56,348 रुपये और 65,845 रुपये में बिक्री कर रही है।
सीबीएफ का उत्पादन रोकने के पीछे एक और अहम कारण यह है कि होंडा की सीबी यूनिकॉर्न लुक में सीबीएफ से ही मिलती-जुलती है और इसका दाम भी काफी कम है।