देश की सबसे बड़ी दुपहिया निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प (एचएमसी) मार्च के अंत तक अफ्रीका और दक्षिणी अमेरिका के 8 से 10 देशों में अपने वाहनों की बिक्री शुरू करने वाली है। कंपनी अपने दुपहिया वाहनों का निर्यात बढ़ाने की योजना के तहत इन नए बाजारों में कदम रखने जा रही है।
कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग एंड सेल्स) अनिल दुआ ने बताया कि कंपनी की योजना 2016-17 तक अपने वाहनों का निर्यात दस लाख से ऊपर ले जाने की है और इसे चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने के लिए दक्षिणी अमेरिका और अफ्रीकी देशों में विस्तार किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक एचएमसी दक्षिणी अमेरिका के होंडूरास, ग्वाटेमाला और अलसेव्राडोर जैसे देशों में कारोबार के लिए शुरुआती कदम बढ़ा चुकी है और अफ्रीका के पांच देशों में भी काम शुरू होने वाला है। अनिल दुआ ने बताया कि कंपनी अभी लेटिन अमेरिका में कोलंबिया में अपने उत्पाद का निर्यात कर रही है।