देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प जल्द ही बाजार में नए प्रोडक्ट लॉन्च करने जा रही है। हम पहले ही आपको यह जानकारी दे चुके हैं कि कंपनी Passion XPro को 110 सीसी में लॉन्च करने जा रही है। अब नई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 125 सीसी स्कूटर को लाने की तैयारी में है। नए स्कूटर की लॉन्चिंग 18 दिसंबर को की जाएगी। इसका सीधा मुकाबला वेस्पा और यामाहा फेसिनो से रहेगा।
पढ़ें: लॉन्च हुई मारुति सुजुकी Swift लिमिटेड एडिशन, कीमत 5.44 लाख रुपए से शुरू
कंपनी के इस 125 सीसी स्कूटर में रेटरो स्टाइल डिजाइन मिल सकता है। यह खासतौर पर शहर के युवा वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। फिलहाल हीरो मोटोकॉर्प Maestro Edge, Duet और Pleasure स्कूटर की भारत में बिक्री कर रही है। इस स्कूटर के बारे में ज्यादा जानकारी तो हासिल नहीं हो सकी है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि इसकी कीमत 60 हजार रुपए के करीब हो सकती है।
हीरो मोटोकॉर्प का कम्यूटर मोटरसाइकिल सेगमेंट में दबदबा कायम है। हालांकि जब बात स्कूटर की आती है तो इसे होंडा, सुजुकी और टीवीएस जैसी कंपनियों से बराबर की टक्कर मिलती है। स्कूटर सेगमेंट में भी अपनी जगह मजबूत करने के लिए कंपनी यह 125 सीसी का स्कूटर ला रही है।