Bharat Mobility Global Expo 2027
- फोटो : Amar Ujala
भारतीय ऑटोमोटिव उद्योग के सबसे बड़े और प्रमुख आयोजन भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो (Bharat Mobility Global Expo 2027) के अगले संस्करण की आधिकारिक तारीखों और खाके की घोषणा कर दी गई है। यह मेगा इवेंट फरवरी 2027 में राजधानी नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
इस मेगा ऑटो एक्सपो में अमेरिका, चीन, जापान, मेक्सिको, श्रीलंका, जर्मनी, इटली, स्पेन और ताइवान सहित 50 से अधिक देशों की भागीदारी देखने को मिलेगी, जिसमें 1,750 से अधिक एक्जीबिटर्स (प्रदर्शक) अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का आयोजन कब, कहां और किस थीम पर होगा?
इस वैश्विक आयोजन को भव्य पैमाने पर दो अलग-अलग प्रमुख स्थलों पर आयोजित किया जाएगा:
- तारीख और मुख्य स्थल: यह एक्सपो 4 फरवरी से 9 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगा। दिल्ली के भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में यह 4 से 9 फरवरी तक चलेगा। जबकि यशोभूमि (Yashobhoomi) में इसका आयोजन 4 से 7 फरवरी 2027 तक होगा।
- थीम: एक्सपो का आयोजन "बेहतर कल के लिए स्मार्ट मोबिलिटी" की थीम पर किया जा रहा है, जो भविष्य की टिकाऊ और स्मार्ट मोबिलिटी पर केंद्रित है।
- विशाल पैमाना: 2.5 लाख वर्ग फीट के विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र में फैले इस शो में 10 लाख से अधिक विजिटर्स के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े मोबिलिटी शो में से एक बन जाता है।
एक्सपो के तहत कौन-से 11 समानांतर शो आयोजित किए जाएंगे?
पूरे ऑटोमोटिव वैल्यू चेन को एक मंच पर लाने के लिए इसके तहत 11 विशेष शो आयोजित किए जा रहे हैं:
- ऑटो एक्सपो - द मोटर शो (Auto Expo-The Motor Show)
- इंडिया इंटरनेशनल टायर शो (India International Tyre Show)
- भारत बैटरी शो (Bharat Battery Show)
- इंडिया साइकिल शो (India Cycle Show)
- मोबिलिटी टेक पवेलियन (Mobility Tech Pavilion)
- स्टील एंड एडवांस्ड मटीरियल्स पवेलियन (Steel and Advanced Materials Pavilion)
- द कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो (The Components & Technology Show)
- भारत कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो (Bharat Construction Equipment Expo)
- एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो (Agri Mobility & Technology Expo)
- एयर मोबिलिटी एक्सपो (Air Mobility Expo)
- मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो (Metro & Urban Mass Transit Expo)
'द मोटर शो 2027' में कितनी कार कंपनियां और कौन-सी तकनीकें शामिल होंगी?
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक्सपो के मुख्य आकर्षण 'द मोटर शो 2027' में वाहन निर्माताओं की बड़ी भागीदारी रहेगी:
- 44 ऑटो मेकर्स की भागीदारी: आयोजन समिति के सदस्य और सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के अनुसार, कम से कम 44 ऑटो OEM 'द मोटर शो' में 79,000 वर्ग मीटर स्थान पर अपने वाहनों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
- मल्टी-पावरट्रेन तकनीकें: भारतीय और वैश्विक ऑटो ब्रांड्स विभिन्न वाहन श्रेणियों में अपनी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। इसमें इलेक्ट्रिक (EV), सीएनजी/एलएनजी (CNG/LNG), इथेनॉल व फ्लेक्स-फ्यूल जैसे बायोफ्यूल्स, और हाइड्रोजन (Hydrogen) से चलने वाले आधुनिक वाहन शामिल होंगे।