इस साल के 42 दिन के त्योहारी सीजन में देशभर में वाहनों की जबरदस्त बिक्री देखने को मिली। पिछले साल की तुलना में 21% ज्यादा गाड़ियां बिकीं। इस बार पैसेंजर कार और टू-व्हीलर दोनों में रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन हुए। जीएसटी 2.0 के लागू होने के बाद वाहनों के दाम घटने का असर भी देखने को मिला। डीलर्स की संस्था FADA (फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन) ने बताया कि पिछले साल 43,25,632 यूनिट की तुलना में इस बार कुल 52,38,401 यूनिट बिकीं।
पैसेंजर व्हीकल्स की रिकॉर्ड बिक्री
FADA के प्रेसिडेंट सी एस विग्नेश्वर ने कहा, "2025 का त्योहारी सीजन ऑटो रिटेल के लिए ऐतिहासिक रहा। हर श्रेणी में ग्रोथ और रिकॉर्ड बिक्री दर्ज हुई।" पैसेंजर वाहन रजिस्ट्रेशन 23% बढ़कर 6,21,539 यूनिट के मुकाबले 7,66,918 यूनिट तक पहुंच गया। विग्नेश्वर ने बताया कि जीएसटी 2.0 की वजह से गाड़ियां ज्यादा सस्ती हुईं हैं और मिडिल क्लास की डिमांड बढ़ी है। खासतौर पर कॉम्पैक्ट और सब-4 मीटर कार की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। कई मॉडल्स में डिमांड इतनी बढ़ी कि सप्लाई कम पड़ गई।
टू-व्हीलर में 22% की बढ़त
टू-व्हीलर की बिक्री पिछले साल की तुलना में 22% बढ़कर 33,27,198 के मुकाबले 40,52,503 यूनिट्स तक पहुंच गई। जीएसटी दर घटने की वजह से टू-व्हीलर और भी सस्ते हो गए हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में खरीदारी और कैश फ्लो बढ़ा है। डीलर्स के मुताबिक, यह पिछले कई वर्षों का सबसे अच्छा त्योहारी सीजन रहा। कम्यूटर बाइक्स, स्कूटर और ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) की मांग सबसे ज्यादा रही।
थ्री-व्हीलर और कमर्शियल वाहनों की भी ग्रोथ
थ्री-व्हीलर रजिस्ट्रेशन 9% बढ़ा जबकि कमर्शियल वाहनों में 15% की ग्रोथ दर्ज हुई। विग्नेश्वर ने कहा, "जीएसटी 2.0 सिर्फ टैक्स सुधार नहीं है बल्कि यह उपभोक्ता संचालित विकास और राष्ट्रीय समृद्धि का माध्यम बन गया है। इससे गाड़ियों की स्वामित्व लागत घटी है और अर्थव्यवस्था को बल मिला है"
अक्तूबर में भी बिक्री का सिलसिला जारी
अकेले अक्तूबर 2025 में ऑटो रिटेल बिक्री 41% बढ़कर 40,23,923 यूनिट्स तक पहुंच गई। पैसेंजर वाहनों की बिक्री 11% बढ़कर 5,57,373 यूनिट्स हो गई। टू-व्हीलर की बिक्री 52% उछलकर 31,49,846 यूनिट्स रही। थ्री-व्हीलर बिक्री 5% और कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री में 18% की वृद्धि देखने को मिला। विग्नेश्वर के मुताबिक, "सितंबर में जीएसटी 2.0 के बदलाव की वजह से शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन अक्तूबर में त्योहारी डिमांड ने बिक्री को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया"
आगे का रुख सकारात्मक
FADA का मानना है कि आने वाले तीन महीने का ऑटो मार्केट का दृष्टिकोण सकारात्मक रहेगा। जीएसटी 2.0, ग्रामीण आय, शादी और फसल सीजन, नए मॉडल लॉन्च और ईयर-एंड ऑफर्स की वजह से बिक्री का यह मजबूत रुझान जारी रहने की उम्मीद है।