लॉकडाउन के बाद से लगातार मारुति सुजुकी की बिक्री बढ़ती जा रही है। इस फेस्टिव सीजन में कंपनी को ग्राहकों का जबरदस्त साथ मिला है। हालांकि, इस दौरान भी एक ऐसा डर है, जो कंपनी को लगातार सताए जा रहा है। यह डर है कि क्या त्योहारी सीजन के बाद भी गाड़ियों की बिक्री का शानदार सिलसिला जारी रहेगा?
दरअसल कंपनी को लगता है कि त्योहारी सीजन में लोग भले ही कारों की खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन त्योहारों के खत्म होने के बाद यह मांग वैसी नहीं रहेगी। इस मामले में एमएसआई के अध्यक्ष आर सी भार्गव ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "दिसंबर तक खत्म होने वाले इस फेस्टिव सीजन में लोग निजी मोबिलिटी के लिए कार खरीदने के इच्छुक हैं। मुझे यकीन नहीं है कि शहरी क्षेत्रों से इसकी मांग कितनी होगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैं त्योहारों के बाद शहरों में मजबूत मांग की उम्मीद नहीं करता हूं क्योंकि लोग वाहनों को खरीद नहीं सकते, भले ही वे उन्हें खरीदना चाहते हों।"
मारुति सुजुकी की सितंबर महीने में 28% ज्यादा बिकी गाड़ियां
इससे पहले मारुति सुजुकी इंडिया ने सितंबर 2020 में कुल 160,442 यूनिट्स की बिक्री की। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने कुल 122,640 यूनिट्स की बिक्री की थी। यानी पिछले साल से इसकी तुलना की जाए तो सितंबर महीने में मारुति की बिक्री में 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यह आकड़ें इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि कोरोना के कारण ऑटो इंडस्ट्री और कंपनी को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। अगर इस साल की ही बात करें तो अगस्त महीने में कंपनी के कुल 124,624 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। यानी अगस्त 2020 के मुकाबले सितंबर महीने में कंपनी की बिक्री में 28 फीसदी की भारी बढ़त दर्ज की गई है।
भारतीय बाजार की बात करें तो सितंबर 2020 में मारुति सुजुकी के कुल 152,608 यूनिट्स की घरेलू बाजार में बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 115,452 वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री की थी। यानी भारतीय बाजार में कंपनी के वाहनों की बिक्री में 32 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
अगस्त महीने में कंपनी के कुल 116,704 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। यानी अगस्त 2020 के मुकाबले सितंबर महीने में कंपनी की बिक्री में 30 फीसदी की भारी बढ़त दर्ज की गई है।