Toyota (टोयोटा) ने भारत में अपनी आनेवाली Maruti Vitara Brezza (मारुति विटारा ब्रेजा) पर आधारित सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी Urban Cruiser (अर्बन क्रूजर) के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक 11,000 रुपये की टोकन राशि देकर इस गाड़ी को प्री-बुक कर सकते हैं। इस एसयूवी को ग्राहक टोयोटा के डीलरशिप्स या ऑनलाइन दोनों जगह बुक कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक डीलरों का अनुमान है कि इस नई एसयूवी की कीमतों का एलान सितंबर के तीसरे सप्ताह में किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि अर्बन क्रूजर की कीमत ब्रेजा के रेंज में होगी, लेकिन उसकी तुलना में यह थोड़ी महंगी होगी।
सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी अर्बन क्रूजर टोयोटा की दूसरी कार होगी जो मारुति की कार पर आधारित है। ऐसी पहली कार बलेनो हैचबैक है, जिसे भारतीय बाजार में Glanza के नाम से बेचा जाता है। और उम्मीद के मुताबिक, टोयोटा Glanza प्रीमियम हैचबैक को अच्छी-खासी संख्या में बेचने में कामयाब रही है जिससे जापानी वाहन निर्माता ने किफायती कार सेगमेंट में पहले की तुलना में एक मजबूत उपस्थिति दर्ज की है।
लुक और कलर ऑप्शन
अर्बन क्रूजर के लुक और डिजाइन की बात करें तो इसमें एक खास फ्रंट मेन ग्रिल दिया गया है, जो फुल एलईडी हेडलैम्प्स और एलईडी टेल लैंप्स से सजाया गया है। ब्रेजा की तरह ही इसमें डायमंड कट 16 इंच के अलॉय व्हील मिलेंगे। अर्बन क्रूजर एसयूवी 6 मोनोटोन कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगी। इसमें ब्लू, ब्राउन, व्हाइट, ऑरेंज, सिल्वर और ग्रे रंग शामिल हैं। इसके साथ ही तीन डुअल टोन कलर - ब्लू / ब्लैक, ब्राउन / ब्लैक और ऑरेंज / व्हाइट भी मिलेंगे।
फीचर्स
अर्बन क्रूजर के इंटीरियर की बात करें तो इसमें डुअल टोन गहरे भूरे कलर की शेड का इस्तेमाल किया गया है। टोयोटा की आनेवाली एसयूवी में सुविधा और आराम का पूरा ख्याल रखा गया है। यह एसयूवी पुश स्टार्ट एंड स्टॉप, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल (सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड), स्मार्ट प्लेकास्ट टचस्क्रीन, रेन सेंसिंग वाइपर्स, क्रूज कंट्रोल और इलेक्ट्रोक्रोमिक रियर व्यू मिरर जैसे फीचर्स के साथ आएगी।
इंजन
मैकेनिकल स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो अर्बन क्रूजर में 1.5 लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। इसमें ISG (इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर) के साथ एक एडवांस्ड Li-on बैटरी भी मिलेगी। यह बैटरी पैक सभी ऑटोमैटिक वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड मिलेगा। इस एसयूवी में टॉर्क असिस्ट, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और आइडल स्टार्ट / स्टॉप जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।
माइलेज
Toyota की Urban Cruiser में ग्राहकों को सुजुकी की SHVS माइल्ड-हाईब्रिड तकनीक मिलेगी। इससे Urban Cruiser के मैनुअल वेरिएंट में Vitara Brezza के मैनुअल की तुलना में ज्यादा माइलेज मिलेगा। बता दें कि Brezza सड़कों पर 17.03 kmpl का माइलेज देती है। ली-आयन बैटरी सिर्फ ऑटोमैटिक वेरिएंट में मिलेगी जिससे अर्बन क्रूजर के ऑटोमैटिक वेरिएंट को बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी मिलने की उम्मीद है, हालांकि इस वेरिएंट के माइलेज के आंकड़े अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं।