Toyota ने हाल ही में अपनी नई सबकॉम्पैक्ट क्रॉसओवर या कॉम्पैक्ट एसयूवी Urban Cruiser को टीज किया था। भारतीय बाजार में यह टोयोटा और सुजुकी की साझेदारी में दूसरी कार है। कंपनी ने Toyota Urban Cruiser का सिल्हूट टीजर सोशल मीडिया पर जारी किया था। यह गाड़ी बहुत हद तक मारुति सुजुकी की Vitara Brezza की तरह है। हालांकि, कंपनी की सेल्स टीम इसे 'Baby' Fortuner कह कर ब्रांडिंग कर रही है। दरअसल इसका फ्रंट ग्रिल देखने में बिल्कुल Fortuner की तरह है, जिसके कारण इसे Baby-Fortuner कहा जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर इसे मिनी Brezza भी कहा जा रहा है। इसकी बुकिंग 22 अगस्त से शुरू हो रही है। माना जा रहा है कि कंपनी इसे त्योहारी सीजन में लॉन्च कर सकती है। बता दें कि जापानी कार निर्माता टोयोटा भारतीय बाजार में किफायती कारों के प्रोडक्शन के लिए सुजुकी के साथ समझौते के तहत काम कर रही है। वहीं, हाई सेगमेंट की कारों के लिए सुजुकी, टोयोटा से तकनीक साझा कर रही है।