जुलाई महीने में आई रिपोर्ट में बताया गया था कि चीनी निर्मित Tesla (टेस्ला) कारों के रजिस्ट्रेशन में भारी गिरावट दर्ज की गई है, बावजूद इसके सोमवार को न्यूयॉर्क में रिकॉर्ड 1,835.64 डॉलर पर कंपनी का स्टॉक बंद हुआ। बता दें कि Tesla के लिए चीन एक बड़ा बाजार है। एलन मस्क की कंपनी ने इस साल की शुरुआत में शंघाई प्रोडक्शन प्लांट से डिलीवरी शुरू कर दी थी। अब कंपनी तेजी से अपने प्रोडक्शन को बढ़ा रही है।
इस साल Tesla के शेयरों में 339 फीसदी की भारी बढ़ोतरी हुई है, जो इस संभावना को बढ़ा रही है कि कंपनी S&P 500 इंडेक्स में शामिल होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी के शेयरों में अभी और बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके पीछे का कारण कंपनी की तरफ से व्यक्तिगत निवेशकों के लिए शेयरों को अधिक आसान बनाने के लिए अपने स्टॉक को 5-फॉर-1 में विभाजित करना है। माना जा रहा है कि कंपनी की इस रणनीति से आने वाले समय में और मांग बढ़ेगी। Robintrack.net के आंकड़ों के मुताबिक, Tesla सोमवार को रॉबिनहुड एप पर आठवां सबसे लोकप्रिय स्टॉक था।
Tesla की मार्केट वैल्यू अब लगभग 342 बिलियन डॉलर है। जबकि, P&G की मार्केट वैल्यू 337 बिलियन डॉलर है। यानी मार्केट वैल्यू की बात करें तो Tesla ने P&G को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, Pampers and Crest का निर्माता S&P 500 में 10 वां सबसे बड़ा स्टॉक है। वहीं, Walmart (वॉलमार्ट) का S&P 500 में 384 बिलियन डॉलर में नौवां सबसे बड़ा बाजार पूंजीकरण है।