उम्मीद के मुताबिक टाटा ने अपनी कॉम्पैक्ट सेडान टिगोर को बेहद प्रतिस्पर्धी कीमत 4.7 लाख एक्सशोरूम दिल्ली में लॉन्च किया है। इस कीमत में लॉन्च यह सेडान इस वर्ग की सबसे सस्ती कार बन गई है। इस कार व्हीलबेस टियागो से लगभग 50 मिलीमीटर ज्यादा है जिसका फायदा केबिन में अधिक जगह के रूप में मिला है।
कंपनी ने इसे चार वेरिएंट में पेश किया है। इसके एक्सई वेरिएंट की कीमत 4.7 लाख, एक्सटी की कीमत 5.41 लाख, एक्सजेड की कीमत 5.90 लाख व एक्सजेड(ओ) की कीमत 6.19 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है। कीमत के मामले में यह अपनी ही कंपनी की जेस्ट से भी सस्ती है।
टियागो की तरह यह दोनों ईंधन विकल्पों, पेट्रोल-डीजल में उपलब्ध है। इसका पेट्रोल 1.2 लीटर रेवोट्रॉन इंजन है, जो कि 85 पीएस की पावर और 114 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है। डीजल वर्जन में 1.05 लीटर का रेवोटॉर्क इंजन लगा है, जो 70 पीएस की शक्ति और 140 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। फिलहाल अनुमान लगाया जा रहा है कि यह महज मैनुअल विकल्प में ही उपलब्ध होगी।