N Chandrasekaran, Chairman, Tata Sons and Tata Motors taking delivery of his New Tata Nexon EV
- फोटो : Tata Motors
अमेरिका की दिग्गज और दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी Tesla (टेस्ला) के साथ साझेदारी की सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए, Tata Sons (टाटा संस) के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने बुधवार को कहा कि भारत में साझेदारी के लिए एलन मस्क के स्वामित्व वाली कार कंपनी के साथ "कोई बातचीत नहीं हो रही है।" उन्होंने कहा, "हम इसे अपने दम पर करेंगे।"
चंद्रशेखरन ने टाटा मोटर्स और उसकी ब्रिटिश सहायक कंपनी Jaguar (जगुआर) और Land Rover (लैंड रोवर) की इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में बताया। इसी दौरान उन्होंने कहा, "टेस्ला के साथ कोई बातचीत नहीं है। हमारी तरफ से, कुछ भी नहीं है।" टाटा संस के प्रमुख ने कहा कि टाटा मोटर्स और जेएलआर के उत्पाद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, और इस समय किसी भी बाहरी साझेदारी की कोई जरूरत नहीं है।
टाटा समूह और टेस्ला के बीच लगभग होने वाली साझेदारी के बारे में मीडिया में काफी अटकलें लगाई गई थीं, क्योंकि तब टेस्ला भारतीय बाजार में एंट्री कर रहा है। इन अटकलों की वजह से टाटा मोटर्स के शेयर की कीमतें में काफी इजाफा दर्ज किया गया था। आठ कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर्स करीब 25 फीसदी तक चढ़ गए थे। हालांकि यह भारत में कंपनी के कारों की बिक्री के शानदार प्रदर्शन के कारण भी बढ़ा था।
टेस्ला के साथ टाटा की साझेदारी की अटकलों के बारे में और ज्यादा इजाफा तब हुआ जब 'टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी' के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने 15 जनवरी को एक चुटीला ट्वीट किया। इसमें एक पुराने हिंदी फिल्म के गाने के जरिए टेस्ला की साझेदारी की अफवाहों पर सकारात्मक टिप्पणी की गई। हालांकि इस ट्वीट को तुरंत हटा दिया गया था।
इस ट्वीट के साथ फिल्म के गाने के लाइन लिखे गए थे - 'आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर अखबार में, सब को मालूम है और सब को खबर हो गई!' ट्वीट के साथ ही #वेलकमटेस्ला #TeslaIndia @Tesla @ElonMusk जैसे हैशटैग और टैग किए गए थे। इस ट्वीट को ट्विटर हैंडल @TatamotorsEV से भेजा गया था, और जल्द ही हटा दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रशेखरन की टिप्पणी से पहले, साझेदारी की अफवाहों पर टेस्ला या टाटा समूह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। बता दें कि टेस्ला ने भारत में एक दफ्तर का पंजीकरण कराया है, और यह बंगलूरू में किया गया है। फर्म ने रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) बैंगलोर के साथ Tesla India Motors and Energy Pvt Ltd (टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड) को पंजीकृत किया है। यह उम्मीद की जा रही है कि कंपनी फिलहाल जमीनी कार्य कर रही है।
टाटा समूह इलेक्ट्रिक वाहनों के कारोबार में मजबूती से अपने पैर पसार रहा है। चंद्रशेखरन ने कहा कि जेएलआर के सभी इलेक्ट्रिक उत्पाद भारत में भी लॉन्च होंगे।