टाटा मोटर्स और TVS ग्रुप मिल कर देशभर की 20 लाख महिला ड्राइवर्स के लिए एक खास सेवा शुरू करने जा रही है। इस सेवा के तहत देर रात को वाहन खराब होने पर महिलाओं को तुरंत मदद पहुंचाई जाएगी।
टाटा मोटर्स की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक इस महिला सहायता कार्यक्रम की शुरुआत 1 जून से होगी और रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हील चलाने वाली महिला ड्राइवर्स को आपात स्थिति में मदद उपलब्ध करायी जाएगी।
टाटा मोटर्स का कहना है कि अगर महिलाएं टाटा मोटर्स की कारें चला रही हैं और उनकी कार किसी हादसे का शिकार होती है या बैटरी डिस्चार्ज हो जाती है। इसके अलावा टायर पंचर होने, पेट्रोल खत्म होने या किसी टेक्निकल फाल्ट की वजह से कार बंद हो जाती है, तो ऐसी स्थिति में मौके पर तुरंत मदद मुहैया कराई जाएगी।
टाटा मोटर्स (पैसंजर व्हीकल कारोबार) के अध्यक्ष मयंक पारीक के मुताबिक उद्योग जगत की इस अनोखी मुहिम से पता चलता है कि टाटा मोटर्स महिला ड्राइवर्स की जरूरतों को समझता है। TVS ने इस सेवा के लिये TVS ऑटो एसिस्ट की शुरुआत की है। टीवीएस ऑटो असिस्ट (टीवीएस एए) 8.5 अरब डॉलर के टीवीएस समूह का हिस्सा है। टीवीएस एए के सीईओ के महेश कुमार ने कहा कि देश के प्रमुख शहरों में करीब 20 लाख महिलाएं कार चलाती हैं। उन्हें देर रात इस तरह की सेवा की जरूरत पड़ सकती है।