नई दिल्ली। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए ऑटोमोबाइल उद्योग संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने ऐसे वाहनों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में पांच फीसदी की छूट देने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, उसने यह भी सुझाव दिया है कि जो लोग बैंक से ऋण लिए बिना ईवी खरीदेंगे उन्हें आयकर में वाहन की कीमत का 30 फीसदी की एकमुश्त छूट का लाभ दिया जाए।
पढ़ें: 7.33 लाख रुपए की कार को बना दिया Ferrari जैसा, RTO ने कर दी सीज
सरकार को सौंपे गए श्वेत पत्र में सियाम ने ईवी के लिए रोड टैक्स से छूट देने पर विचार करने को कहा है, साथ ही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाने के लिए बहुआयामी, सेगमेंट तथा ग्राहकों के अनुकूल नीति बनाने की बात कही है। सियाम ने कहा कि नीति का उद्देश्य ई-व्हीकल को सस्ता करना और व्यवहार्यता की खाई को पाटकर इसे स्वीकार्य बनाने के साथ ही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो, घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन मिले तथा लोगों में जागरूकता पैदा की जाए।
श्वेत पत्र के मुताबिक, मांग प्रोत्साहन या नकद सब्सिडी प्रक्रिया शुरू करने के लिए अल्पकालिक उपाय हो सकते हैं। हालांकि कर में छूट तथा अन्य वित्तीय व गैर वित्तीय उपाय दीर्घकालिक तौर पर मददगार साबित हो सकते हैं और इसका बड़ा असर होगा तथा पहुंच भी बढ़ेगी।