कंपनी ने रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल्स की नए ग्राहकों को लुभाने और सर्विसिंग कॉस्ट कम करने के लिए नई पहल की है। जिसके बाद रॉयल एनफील्ड की बाइक्स की सर्विस कराना बेहद सस्ता हो जाएगा। अभी तक लोग रॉयल एनफील्ड की बाइक्स के महंगी होने और ज्यादा सर्विसिंग कॉस्ट के चलते खरीदने से घबराते थे।
कंपनी ने अपनी सभी ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर्स में नई टेक्नोलॉजी के मुताबिक सर्विस करना शुरू कर दिया है। अब सर्विसिंग के दौरान नए तरह के सेमी-सिथेंटिक ऑयल का इस्तेमाल किया जाएगा। जिससे न केवल ऑल चेंज कराने का अंतराल बढ़ेगा, बल्कि सर्विस भी जल्दी-जल्दी नहीं करानी होगी। फिलहाल बुलेट, क्लासिक और थंडरबर्ड में 3 महीने या 3,000 किमी पर सर्विस करानी होती है। जिसके बाद अब 6 महीने या 5,000 किमी पर सर्विस करानी होगी। जिससे सर्विस पर होने वाले खर्च में 40 फीसदी की कमी आएगी।
वहीं ऑयल भी 6 महीने/ 5000 किमी की बजाय 12 महीने या 10,000 किमी के बाद बदलवाना होगा। जिससे तीन सालों में 40 फीसदी तक सर्विसिंग कॉस्ट में कमी आएगी। नया सर्विस इंप्रूवमेंट प्रोग्राम बुलेट, क्लासिक और थंडरबर्ड पर लागू होगा। साथ ही, कंपनी ने 250 नए रॉयल एनफील्ड स्टूडियो स्टोर खोलने का एलान भी किया है। फिलहाल कंपनी के देशभर में 930 डीलरशिप टचप्वाइंट्स हैं।
वहीं कंपनी ने शुक्रवार को एंट्री लेवल बुलेट प्लेटफॉर्म में नए मॉडल्स लॉन्च किए थे और कंपनी ने बुकिंग भी शुरू कर दी है। रॉयल एनफील्ड 350X और रॉयल एनफील्ड ES 350X की कीमत रेगुलर वेरियंट्स से 10 हजार रुपये कम रखी गई है। Bullet 350X की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.12 लाख रुपये और Bullet ES 350X की कीमत 1.35 लाख रुपये रखी गई है।