Renault Megane E-Tech Electric SUV Teaser
- फोटो : Renault
फ्रांस की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Renault (रेनो) अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी Megan E-Tech (मेगन ई-टेक) को लॉन्च करने की तैयारी में जुटी है। कंपनी ने लॉन्चिंग से पहले अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी के प्रोडक्शन वर्जन की पहली झलक दिखाई है। रेनो ने अपनी इस फुल इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट एसयूवी कार Megan E-Tech के कॉन्सेप्ट को पिछले साल के आखिर में पहली बार पेश किया था। अब कंपनी ने अपनी आनेवाली इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की टीजर तस्वीर जारी की है।
5 साल में 24 नए मॉडल
Renault ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी Megan E-Tech को डिजिटल इवेंट के जरिए प्रदर्शित किया। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेनो ने कहा कि मेगन ई-टेक उनका पहला इलेक्ट्रिक वाहन होगा जिसे अगले साल की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। फ्रांसीसी ऑटो दिग्गज ने वर्ष 2025 तक 24 नए मॉडल लॉन्च करने का लक्ष्य तय किया है।
कैसा है लुक
कार निर्माता द्वारा जारी की गई पहली टीजर तस्वीर में मॉडल का नाम और टेललाइट्स की झलक दिखाई गई है। यह इस एसयूवी के प्री-प्रोडक्शन वर्जन के जैसी है। कार के रियर में कार के नाम की बैजिंग के साथ एक गोल्डन "E" भी दिया गया है। इसमें सेंटर में रेनो के नए लोगो को भी दिखाया गया है। इसके अलावा कार के चारों ओर एलईडी लाइट की स्ट्रिप दी गई है, जो इसके लुक को काफी आकर्षक बना देता है।
बैटरी, स्पीड और रेंज
Renault Megane E-Tech में एक इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की संभावना है जो लगभग 217 hp का पावर और 300 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। रेनो का दावा है कि यह सिर्फ 8 सेकंड से भी कम समय में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। इस कार में 60 kWh का बैटरी मिलेगा। कंपनी के मुताबिक बैटरी एक बार फुल चार्जिंग होने के बाद यह कार लगभग 450 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है।
गूगल आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम
मेगन ई-टेक इलेक्ट्रिक एसयूवी के अंदर डैशबोर्ड और फीचर्स कैसे होंगे। इसके बारे में रेनो के डिजाइन डायरेक्टर गाइल्स विडाल ने जानकारी दी। एसयूवी में डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन और सेंट्रल कंसोल के बीच एक निरंतरता बनाते हुए, इसे एल-आकार की स्क्रीन मिलेगी। मेगन ई-टेक रेनो की पहली कार होगी जिसमें गूगल सर्विस पर आधारित एक नया इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा।
प्लेटफॉर्म और साइज
मेगन ई-टेक रेनो की पहली गाड़ी होगी जिसे नए CMF-EV (सीएमएफ-ईवी) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। यह वही प्लेटफॉर्म है जिस पर Nissan Ariya (निसान आरिया) बनाई गई है। इस प्लेटफॉर्म को रेनो-निसान-मित्सुबिशी ने मिलकर अपनी आनेवाली सभी नई इलेक्ट्रिक कारों के लिए विकसित किया था। ऐसा माना जा रहा है कि रेनो अपनी इस नई एसयूवी कार को फॉक्सवैगन ID.4 की टक्कर में उतार रही है।
Renault Megan E-Tech के साइज की बात करें तो इसके कंपनी की एक अन्य एसयूवी Captur के जितनी ही बड़ी होने की संभावना है जो कि चार मीटर से थोड़ी ज्याद लंबी है।