यूटिलिटी गाड़ियों की मजबूत मांग से मई, 2024 में देशभर में रिकॉर्ड 3,47,492 यात्री वाहन (पीवी) बिके। यह आंकड़ा एक साल पहले की समान अवधि में घरेलू बाजारों में बिके 3,34,537 यात्री वाहनों की तुलना में 4 फीसदी ज्यादा है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बिक्री में भी पिछले महीने बढ़ोतरी देखने को मिली है।
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पीवी, वाणिज्यिक, दोपहिया और तिपहिया वाहनों समेत सभी श्रेणी में बेहतर मांग के कारण सालाना आधार पर मई में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, सिर्फ यात्री वाहनों में मध्यम वृद्धि देखी गई है। इसका मुख्य कारण पिछले साल का उच्च आधार प्रभाव है।
आंकड़ों के मुताबिक, मारुति सुजुकी ने मई में 1,44,002 यात्री वाहन बेचे। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 1,43,708 पीवी बेचे थे। ह्यूंडई मोटर के पीवी की बिक्री 48,601 से बढ़कर 49,151 इकाई पहुंच गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले महीने कुल 43,218 यात्री वाहन बेचे।
तिपहिया वाहनों की सर्वाधिक बिक्री
आंकड़ों के मुताबिक, तिपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने सालाना आधार पर करीब 15 फीसदी बढ़कर 55,763 इकाई पहुंच गई। यह मई में अब तक की सर्वाधिक बिक्री है। मई, 2023 में 48,610 तिपहिया वाहन बिके थे।
इस दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री 10 फीसदी बढ़कर 16,20,084 इकाई पहुंच गई। एक साल पहले की समान अवधि यह आंकड़ा 14,71,550 इकाई था। हालांकि, दोपहिया वाहनों की बिक्री मई, 2017-18 के स्तर की तुलना में कम है।
नई सरकार के प्रयासों से स्थिर वृद्धि की उम्मीद
सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा, सामान्य से बेहतर मानसून के पूर्वानुमान और नई सरकार की ओर से आर्थिक वृद्धि पर निरंतर जोर देने से वाहनों की बिक्री को रफ्तार मिलेगी। साथ ही, 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के मोदी सरकार के प्रयासों से मोटर वाहन उद्योग 2024-25 में भी स्थिर वृद्धि की उम्मीद कर रहा है।
ई-कारों में 3 फीसदी तेजी बाजार हिस्सेदारी भी बढ़ी
ई-कारों की बिक्री भी मई में मासिक आधार पर 3.01 फीसदी बढ़कर 7,638 इकाई पहुंच गई। अप्रैल में कुल 7,415 ई-कारें बिकी थीं। इसके साथ ही ई-कारों की बाजार हिस्सेदारी अप्रैल के 2.2 फीसदी से बढ़कर 2.5 फीसदी पहुंच गई।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के आंकड़ों के मुताबिक, ई-दोपहिया वाहनों की बिक्री भी अप्रैल की तुलना में 18.12 फीसदी बढ़कर 76,907 इकाई पहुंच गई। बाजार हिस्सेदारी भी 4 फीसदी से बढ़कर 5 फीसदी पहुंच गई।
ई-वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में भी पिछले माह 8.04 फीसदी की तेजी रही। ई-तिपहिया वाहनों की बिक्री 30.21 फीसदी बढ़कर 54,729 इकाई पहुंच गई।
बिक्री में तेजी से दोनों की बाजार हिस्सेदारी भी बढ़कर क्रमशः 0.66 फीसदी और 55.7 फीसदी पहुंच गई।