Toyota India (टोयोटा इंडिया) ने अपनी Toyota Urban Cruiser (टोयोटा अर्बन क्रूजर) सबकॉम्पैक्ट एसयूवी की भारत में बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक 11,000 रुपये की टोकन राशि देकर इस गाड़ी को प्री-बुक कर सकते हैं। मारुति सुजुकी की Vitara Brezza बेस्ड इस एसयूवी को ग्राहक टोयोटा के डीलरशिप्स या ऑनलाइन दोनों जगह बुक कर सकते हैं। बता दें कि भारतीय बाजार में यह टोयोटा और सुजुकी की साझेदारी में दूसरी कार है। यह गाड़ी बहुत हद तक मारुति सुजुकी की Vitara Brezza की तरह है। हालांकि, कंपनी की सेल्स टीम इसे 'Baby' Fortuner कह कर ब्रांडिंग कर रही है। दरअसल इसका फ्रंट ग्रिल देखने में बिल्कुल Fortuner की तरह है, जिसके कारण इसे Baby-Fortuner कहा जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर इसे मिनी Brezza भी कहा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपनी Urban Cruiser को इस त्योहारी सीजन भारत में लॉन्च करेगी। बता दें कि जापानी कार निर्माता टोयोटा भारतीय बाजार में किफायती कारों के प्रोडक्शन के लिए सुजुकी के साथ समझौते के तहत काम कर रही है। वहीं, हाई सेगमेंट की कारों के लिए सुजुकी, टोयोटा से तकनीक साझा कर रही है।
कीमत
रिपोर्ट्स की मानें तो टोयोटा अपनी Glanza की तरह इस एसयूवी को 2 से 3 वेरिएंट्स में लॉन्च कर सकती है। माना जा रहा है कंपनी अपनी Urban Cruiser की शुरुआती कीमत मारुति की Vitara Brezza से कम रखेगी।
माइलेज
Toyota की Urban Cruiser में ग्राहकों को सुजुकी की SHVS माइल्ड-हाईब्रिड तकनीक मिलेगी। इससे Urban Cruiser के मैनुअल वेरिएंट में Vitara Brezza के मैनुअल की तुलना में ज्यादा माइलेज मिलेगा। बता दें कि Brezza सड़कों पर 17.03 kmpl का माइलेज देती है।
डिजाइन
वैसे तो Urban Cruiser में ज्यादा तर Vitara Brezza जैसे ही फीचर्स देखने को मिलेंगे। लेकिन यह कई मायनों में अलग भी होगी। इसमें अपडेटेड फ्रंट ग्रिल और रियर की बैजिंग मिलेगी। हालांकि, इसमें Brezza जैसे ही हेडलैंप, टेल लैंप और अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं। इस एसयूवी में नया फ्रंट और रियर बंपर मिलेगा।
इंजन
इसमें पावर के लिए Vitara Brezza जैसा ही 1.5 लीटर का 4-सिलिंडर वाला पेट्रोल इंजन मिलेगा। Brezza में दिया गया इंजन 104 BHP की मैक्सिमम पावर और 138 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसका इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 4-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस है।