देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) हरियाणा में अपने प्लांट को मेडिकल जरूरतों के लिए ऑक्सीजन गैस उपलब्ध कराने के लिए बंद करेगी। कंपनी ने एक स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी है। मारुति सुजुकी ने कहा कि सुजुकी मोटर ने गुजरात में भी अपने प्लांट को बंद करने का फैसला किया है।
कंपनी अपने प्लांट के वार्षिक रखरखाव के लिए इसे जून में बंद करने वाली थी। लेकिन देश की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी ने इसे 1 मई से 9 मई तक बंद करने का फैसला किया है। मारुति सुजुकी ने कहा कि वह जीवन बचाने के लिए ऑक्सीजन मुहैया कराने के लिए सरकार का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मारुति सुजुकी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "कार निर्माण प्रक्रिया के हिस्से के रूप में, मारुति सुजुकी अपने कारखानों में ऑक्सीजन का थोड़ी मात्रा में उपयोग करती है। जबकि इसकी तुलना में कंपोनेंट बनाने वाली कंपनियां ज्यादा मात्रा में ऑक्सीजन का इस्तेमाल करती हैं। मौजूदा स्थिति में, हम मानते हैं कि उपलब्ध सारे ऑक्सीजन का इस्तेमाल जीवन बचाने के लिए किया जाना चाहिए।"
मारुति सुजुकी ने कहा है कि, कंपनी को जानकारी दी गई है कि सुजुकी मोटर गुजरात ने भी अपने कारखाने के लिए यही फैसला किया है।
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। हर दिन कोरोना के नए मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। लगातार बढ़ते मरीजों के चलते स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई है। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.60 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,293 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। इसके साथ ही देश में मृतकों का आंकड़ा दो लाख के पार पहुंच गया है।
बुधवार को दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले नए कोरोना मरीज और कोविड से होने वाली मौतों की सबसे ज्यादा संख्या है। देश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के चलते सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,60,960 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,79,97,267 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटों में 3293 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,01,187 पहुंच गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में पहली बार 3000 से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई।
प्लांट बंद करने के अपने फैसले की घोषणा के बाद मारुति सुजुकी के शेयरों ने 0.44 फीसदी की तेजी के साथ 6,587 रुपये पर कारोबार किया। जबकि सेंसेक्स में 1.6 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है।