मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस संकट को देखते हुए उसने देशभर के डीलरों के लिए यह व्यापक एसओपी तैयार की है। कंपनी ने कहा कि नए एसओपी में ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सभी शोरूम में उच्चतम स्तर की साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
बयान के मुताबिक ग्राहक के शोरूम में घुसने से लेकर उसे वाहन की डिलिवरी तक के सभी पक्षों का ध्यान रखते हुए ये नियम बनाए गए हैं। यह सभी मानक प्रक्रियांए वैज्ञानिक अध्ययन पर आधारित हैं।
कंपनी ने कहा कि इन एसओपी को लागू करके और स्थानीय राज्य सरकारों से मंजूरी लेने के बाद कंपनी ने अपने डीलर शोरूम खोलने शुरू कर दिए हैं। साथ ही ग्राहकों को कारों की आपूर्ति भी शुरू की है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिची आयुकावा ने कहा कि उनके सभी डीलर ज्यादा संपर्क में आने वाली सभी सतहों समेत अन्य स्थानों की उच्च स्तरीय साफ-सफाई और उन्हें कीटाणुमुक्त बनाना सुनिश्चित कर रहे हैं।
मारुति सुजुकी के देशभर के 1,960 शहरों और कस्बों में 3,080 डीलर शोरूम हैं।
हालांकि इससे पहले मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि कंपनी ने अप्रैल 2020 में घरेलू बाजार में शून्य बिक्री की। ऐसा इसलिए था क्योंकि सरकार के आदेशों के अनुपालन में सभी उत्पादन प्लांट बंद कर दी गई थीं। लॉकडाउन के तहत पूरे अप्रैल महीने में सभी शोरूम बंद रहे और लोगों भी अपने घरों में सीमित रहे।
मारुति सुजुकी सामान्य परिस्थितियों में हर महीने औसतन लगभग 150,000 कारें बनाती है, जिसने इसे देश की सबसे बड़ी कार निर्माता के रूप में अपनी पोजिशन को बनाए रखने में काफी मदद की है। मारुति देश के बाहर अपनी कारों का का निर्यात भी करती है। कंपनी ने बताया था कि सुरक्षा के सभी दिशानिर्देशों का पालन करने के बाद अप्रैल में मूंदड़ा बंदरगाह से 632 कारों का निर्यात किया गया।