न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई में टोयोटा की कुछ डीलरशिप्स ने प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा की बुकिंग लेना शुरू कर दिया है। मात्र 10 हजार रुपये देकर ग्लैंजा की प्री-बुकिंग कराई जा सकती है। डीलर इस अमाउंट के बदले में टोकन पेश कर रहे हैं।
ग्लैंजा को दो G और V वेरियंट में लांच किया जाएगा। इनमें G वेरियंट लाइनअप में सबसे लोअर होगा, जबकि V वेरियंट सबसे टॉप पर होगा। G वेरियंट असल में बलेनो के जेटा ट्रिम पर बेस्ड है, वहीं V वेरियंट बलेनो के अल्फा वेरियिंट पर बेस्ड होगा, जो कि बलेनो का टॉप वेरियंट है। ग्लैंजा के केवल 4 वर्जन G, G CVT, V और V CVT ही लांच होंगे, जो कि गियरबॉक्स पर बेस्ड होंगे।
टोयोटा ग्लैंजा की बात करें तो यह बिल्कुल बलेनो जैसी ही है। इसमें ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 7 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ब्लूटूथ, एंड्रॉयड ऑटो और एपल कार प्ले कनेक्टिविटी, नेविगेशन और वॉयस कमांड्स, प्रीसीजन कट डुअल टोन अलॉय व्हील्स, स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स, पुश बटन स्टार्ट, डुअल एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस और रिअप पार्किंग सेंसर जैसे सेफ्टी फीचर मिलेंगे। वहीं G और V वेरियंट में भी कई अलग फीचर मिलेंगे। V वेरियंट में यूवी कट ग्लासेज मिलेंगे, एलईडी डीआरएल, एलईडी टेल लैंप्स, लेडर रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, फॉलो मी फीचर के साथ ऑटो हेडलाइट और रिवर्स कैमरा फीचर मिलेगा।
कीमतों की बात करें, तो ग्लैंजा की कीमत बलेनो से ज्यादा होगी, ऐसा इसलिए ताकि बलेनो की बिक्री पर ज्यादा असर नहीं पड़े। टोयोटा को उम्मीद है कि हर महीने ग्लैंजा की 2 हजार यूनिट बेच सकेगी।
ग्लैंजा में 1.2 लीटर K12B का पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 83 बीएचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क देगा। वहीं ग्लैंजा में दूसरा इंजन भी आएगा, जो माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम के साथ 1.2 लीटर K12C डुअलजेट पावरट्रेन वाला होगा। यह इंजन 90 बीएचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क देगा। K12C इंजन में डुअल बैटरी माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम मिलेगा। खास बात यह होगी कि ये दोनों ही इंजन बीएस-6 मानक वाले होंगे।
ग्लैंजा का 1.2 लीटर का डुअल जेट हाइब्रिड इंजन बेस G वेरियंट में होगा और केवल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आएगा। इसके अलावा G वेरियंट में सीवीटी बॉक्स भी मिलेगा, लेकिन यह K12B इंजन में हाइब्रिड नहीं मिलेगा। V वेरियंट की बात करें, तो इसमें K12B इंजन और यह मैनुअल और सीवीटी साथ आएगा।
टोयोटा ग्लैंजा के माइलेज की बात करें, तो V मैनुअल ट्रांसमिशन इंजन 21.01 किमी प्रति लीटर का माइलेज देगा, जबकि G MT (हाइब्रिड) वेरियंट इंजन 23.87 किमी प्रति लीटर का माइलेज देगा। वहीं G CVT/V CVT वेरियंट 19.56 किमी प्रति लीटर का माइलेज देंगे।