महिंद्रा अपनी गाड़ियों को अपडेट करने में लगी है। इसकी शुरुआत कंपनी अपनी चर्चित एसयूवी स्कॉर्पियो से करने वाली है। महिंद्रा स्कॉर्पियो का फेसलिफ्ट वेरिएंट इस साल जुलाई में लॉन्च कर सकती है। खबर हैं कि महिंद्रा अपनी एक्सयूवी 500 को भी अपडेट करने वाली है।
कंपनी एक्सयूवी 500 के अपडेट वेरिएंट को 2017 के अंत तक लॉन्च कर सकती है। बता दें कि ऑटो निर्माता कंपनी महिंद्रा ने 2015 में इस कार का अपडेट वर्जन लॉन्च किया था। कंपनी नए मॉडल में कई दमदार फीचर जोड़ेगी।
नई महिंद्रा एक्सयूवी 500 में नया फ्रंट ग्रिल और नया बंपर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि कंपनी कार के कैबिन में ज्यादा बदलाव करेगी। महिंद्रा एक्सयूवी में पहले से ही कई शानदार फीचर मौजूद हैं, कंपनी अब इन फीचर की संख्या को बढ़ाने वाली है। नई एक्सयूवी में नया इनफोटेंमेंट सिस्टम दिया जाएगा, जो ऐप्पल कार प्ले अपडेट के साथ आएगा।
कंपनी एक्सयूवी 500 के इंजन में भी बदलाव कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार नई एक्सयूवी में 2.2 लीटर का चार सिलेंडर वाला एम-हॉक इंजन होगा। ये इंजन कार को 170 बीएचपी की ताकत और 350 एनएम का टॉर्क प्रदान करेगा। नया इंजन मौजूदा इंजन से काफी ताकतवर होगा। मौजूदा इंजन कार को 140 बीएचपी की ताकत और 330 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है।
हालांकि महिंद्रा ने गाड़ी के अपडेट के बारे में कोई आधिकारी जानकारी नहीं दी है। कंपनी इस गाड़ी को इस साल के अंत तक बाजार में उतार सकती है।