भारतीय बाजार में Mahindra Thar 2020 की जबरदस्त मांग जारी है। इसे अब तक 20000 से भी ज्यादा बुकिंग मिल चुकी है। यही कारण है कि कई जगहों पर इसका वेटिंग पीरियड 7 महीने तक बढ़ गया है। हालांकि, कंपनी ने अपनी थार के प्रोडक्शन को बढ़ा दिया है। ऐसे में महिंद्रा अपनी Mahindra Thar के 1000 यूनिट्स की इस दिवाली डिलीवरी करेगी। बता दें कि नई थार की डिलीवरी उसी क्रम में की जाएगी, जिस क्रम में कंपनी को ग्राहकों की तरफ से बुकिंग मिली है।
इससे पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि वह नई Thar की 500 इकाइयों की दो दिनों के भीतर डिलीवरी करेगी। कंपनी की तरफ से इस एसयूवी की मेगा डिलीवरी 8 नवंबर, 2020 तक चली थी।
Mahindra Thar की बंपर मांग से बढ़ा वेटिंग पीरियड
Mahindra Thar की बंपर मांग से इसकी वेटिंग पीरियड भी बढ़ गई है। महिंद्रा के मुताबिक नई जेनरेशन वाली Thar की डिलीवरी के लिए ग्राहकों को 5 से 7 महीने तक का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, यह वेरिएंट के हिसाब से तय होगा कि ग्राहकों को कितना इंतजार करना पड़ेगा।
कंपनी का कहना है कि बढ़ती मांग को देखते हुए वह प्रोडक्शन बढ़ाएगी। कंपनी ने बताया कि जनवरी महीने तक 2000 यूनिट्स प्रति माह के प्रोडक्शन को बढ़ा कर 3,000 यूनिट्स प्रति माह तक किया जाएगा।
Mahindra Thar का परफॉर्मेंस
नई जेनरेशन वाली Mahindra Thar भारतीय बाजार में दो इंजन में उपलब्ध है। इसमें ग्राहकों को बीएस6 कंप्लाएंट वाला 2.2-लीटर का mHawk डीजल इंजन और 2.0-लीटर का टर्बोचार्ज्ड mStallion पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसका नया टर्बो पेट्रोल इंजन 150 bhp की मैक्सिमम पावर और 320 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं, इसका बीएस6 कंप्लाएंट वाला 2.2-लीटर का mHawk डीजल इंजन 130 bhp की मैक्सिमम पावर और 300 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है।
Mahindra Thar की कीमत
Mahindra Thar के बेस वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.80 लाख रुपये है, जो इसके टॉप एंड वेरिएंट पर 12.49 लाख रुपये तक जाती है।