अगर किसी गाड़ी की डिमांड अच्छी न हो तो उस गाड़ी से ऑटो कंपनियां अपना पीछा छुड़ा लेती हैं। पिछले दिनों ऐसा ही मारुति ने सेलारियो के डीजल वेरिएंट को चुपचाप जनवरी 2017 में ही बंद कर दिया था। अब ईद के मौके पर एक बुरी खबर महिंद्रा के तरफ से आई है जिसके तहत कंपनी ने स्कॉर्पियो के ऑटोमेटिक वेरिएंट को अपनी वेबसाइट से हटा दिया है। इसका मतलब है कि अब इस गाड़ी की बिक्री कंपनी बंद कर चुकी है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने इसके ऑटोमेटिक वेरिएंट को जुलाई 2015 में लॉन्च किया था। इसे शहर में बढ़ रहे यातायात को देखते हुए उन लोगों के लिए लॉन्च किया गया था जो स्कॉर्पियो शहर में चलाते हैं और गियर शिफटिंग को उनको थका रही थी। हालांकि इसमें बदलाव के नाम पर सिर्फ ट्रांसमिशन ही जोड़ा गया था।
कंपनी ने इसमें 6 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया था। इसका ऑटोमैटिक वेरिएंट 2WD और 4WD में मौजूद था। इनकी कीमत क्रमश: 13.13 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) और 14.33 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) थी। इसके अलावा इसमें 2.2 लीटर एम हॉक डीजल इंजन दिया गया था जो कि 120 बीएचपी की शक्ति व 280 एनएम का टॉर्क देती है। हालांकि कंपनी ने इसके बंद होने पर कोई आधिकारिक स्टेटमेंट जारी नहीं किया है। स्कॉर्पियो की बात करें तो पूरे देश में अब भी इसका जलवा बरकरार है तथा इसे एक सशक्त ऑफरोड वाहन माना जाता है।