एक लंबे अंतराल के बाद भारत में लांच हुई जीप को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। यही कारण है कि कंपनी ने अपने कंपास मॉडल का ब्लैक पैक स्पेशल एडिशन भी बाजार में उतारा है। इसके पेट्रोल ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत 20.59 लाख रुपये तय की गई है, जबकि डीजल मैनुअल वेरिएंट 22.03 लाख रुपये में मिलेगा। खास बात यह है कि डीजल वेरिएंट 4x4 ड्राइव की सुविधा युक्त है। यह सभी कीमतें मुंबई में एक्सशोरूम मूल्य हैं।
जैसा कि इसके नाम से पता चल रहा है कि जीप कंपास ब्लैक पैक एडिशन की खासियत है इसका काला रंग। इसकी छत का रंग काला रखा गया है। साथ ही मिरर और 17 इंच के एलॉय व्हील भी कार्बन ब्लैक रंग में दिए गए हैं। हालांकि जीप ने इसमें कुछ और रंगों के विकल्प भी दिए हैं, जो वोकल व्हाइट (सफेद), मिनिमल ग्रे और मैग्नेसियो ग्रे रंग हैं। अगर कंपास के इंटीरियर की बात करें तो इस स्पेशल एडिशन को ब्लैक फिनिश दी गई है। आइए आपको बताते हैं कि स्टैंडर्ड से लेकर टॉप मॉडल तक में जीप कंपास अपने ग्राहकों को कौन सी सुविधाएं दे रही है।
टॉप मॉडल (O)
7.0 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम (यू-कनेक्ट)
एंड्रॉयड ऑटो और एपल कार प्ले
ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल
अगली और पिछली सीट के साथ आर्मरेस्ट
रिवर्स पार्किंग सेंसर
पुश बटन स्टार्ट
की-लेस एंट्री
रिवर्स पार्किंग कैमरा
एलईडी टेल लैंप और हाई इंटेसिटी डिस्चार्ज हेडलैंप
सुरक्षा के लिए जीप कंपास में ट्रैक्शन कंट्रोल, ईएससी, एबीएस और ईबीडी, हिल-स्टार्ट असिस्ट, किनारों पर फ्रंट फॉग लैंप और कार के पिछले हिस्से में भी फॉग लैंप दिये गये हैं। अगर हम जीप कंपास के रेगुलरवर्जन एसयूवी के टॉप मॉडल (O) की बात करें तो ब्लैक पैक एडिशन की कीमत लगभग 15000 रुपये ज्यादा है। माना जा रहा है कि कंपनी ने भारत के त्योहारी मौसम को देखते हुए यह एडिशन बाजार में उतारा है। गौरतलब है कि इस एसयूवी का बाजार में मुख्य मुकाबला ह्युंडे की टक्सन, होंडा सीआर-वी और फॉक्सवैगन टिगुअन से है।