यात्रियों की सुरक्षा के लिए कारों में दिन ब दिन नए तकनीक और फीचर्स आ रहे हैं। कारों की सेफ्टी में सबसे ऊपर Volvo कंपनी का नाम आता है। हालांकि इस बार
हुंडई ने ऐसा सेफ्टी फीचर लॉन्च किया है जो किसी के पास नहीं है। हुंडई पहली ऐसी कंपनी बन गई है जो सनरूफ के लिए
एयरबैग लेकर आई है।
यह एयरबैग हुंडई मोटर ग्रुप से संबंधित हुंडई मोबिस बनाया है। कंपनी सनरूफ एयरबैग पर पिछले ढाई साल से काम कर रही थी। यह मुख्यतौर पर सनरूफ वाली एसयूवी कारों के लिए कारगर साबित होगा।
इस एयरबैग को बनाने का मकसद ऐसी दुर्घटना से यात्रियों को बचाना है जिसमें कार पलटने से चोट लग जाती हो। यह एयरबैग 0.08 सेकेंड में खुल जाता है और यात्रियों की गर्दन व सिर में गंभीर चोट लगने से बचा सकता है।
हुंडई मोबिस को उम्मीद है कि इस सनरूफ एयरबैग के लिए बड़ी मात्रा में ऑर्डर मिलेंगे, खासकर एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) निर्माता कंपनियों की ओर से। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय एयरबैग मार्केट 5.3 बिलियन डॉलर का है। हुंडई मोबिस का मानना है कि सनरूफ एयरबैग सिस्टम के जरिए कंपनी की बाजार में हिस्सेदारी बढ़ेगी।