दक्षिण कोरिया की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Hyundai (ह्यूंदै) भारतीय बाजार में अपनी नई एंट्री लेवल एसयूवी लॉन्च करनेवाली है। कंपनी अपनी इस क्रॉसओवर माइक्रो एसयूवी की भारतीय सड़कों पर लंबे समय से टेस्टिंग कर रही है। कंपनी ने इस माइक्रो एसयूवी को AX1 कोडनेम दिया है। ह्यूंदै ने पहली बार अपनी आनेवाली इस नई कार की एक टीजर तस्वीर जारी की है। यहां जानते हैं Hyundai AX1 से जुड़ी कुछ अहम बातें।
काफी फंकी लुक और डिजाइन
Hyundai AX1 की टीजर तस्वीर से कार के फ्रंट लुक के बारे में थोड़ी जानकारी मिलती है। AX1 एक फंकी लुक वाली कार है। कार में सर्कुलर हेडलैंप है जिसके चारों ओर एलईडी डीआरएल दिए गए हैं। कार की मेन हेडलैंप यूनिट के ऊपर टर्न इंडिकेटर्स दिए गए हैं। फ्रंट ग्रिल में त्रिकोणीय मेश डिजाइन मिलता है। कार की लेट लाइट्स भी काफी आकर्षक है। इसमें त्रिकोणीय एलईडी एक हैक्साग पैटर्न में लगाई गई हैं।
वेन्यू से होगी छोटी
रिपोर्ट के मुताबिक Hyundai AX1 3.7 - 3.8 मीटर लंबी हो सकती है। यानी यह ह्यूंदै की सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू से छोटी होगी। ह्यूंदै अपनी इस माइक्रो एसयूवी को बहुत से एडवांस फीचर्स और टेक्नोलॉजी के साथ पेश करेगी। AX1 में सी-पिलर पर रियर डोर हैंडल दिए गए हैं। इस माइक्रो-एसयूवी कार में 6-स्पोक अलॉय व्हील्स दिए जाने की संभावना है। बता दें कि ह्यूंदै ने वर्ष 2018 में एक माइक्रो एसयूवी के निर्माण का एलान किया था। इसके बाद से इस कार को टेस्टिंग के दौरान कई बार स्पॉट किया गया।
इंजन और प्लेटफॉर्म
ह्यूंदै ने इस कार के टेक्निकल स्पेसिफिकेशंस का खुलासा नहीं किया है। लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी AX1 को दो पेट्रोल इंजन के विकल्पों के साथ बाजार में पेश कर सकती है। AX1 में 1.0-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और एक टर्बचार्ज्ड यूनिट दिया जा सकता है। इन इंजनों के साथ एक ऑटोमेटेड मैनुअल या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जा सकता है। ह्यू्ंदै की यह कार K1 प्लेटफॉर्म पर आधारित है।
कितनी होगी कीमत
Hyundai AX1 एक नए सेगमेंट में उतर रही है। ऐसे में इस कार की कीमत का खुलासा लॉन्चिंग के वक्त ही होगा। लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी इसे 5 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में उतार सकती है। इस सेगमेंट में टाटा मोटर्स नई Tata HBX भी जल्द लॉन्च होने वाली है। टाटा ने बीते ऑटो एक्सपो में इसे पेश किया था।