Honda Cars India Ltd (HCIL), होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने जुलाई 2020 में घरेलू बाजार में 5,383 यूनिट्स बेचीं, जिसमें जून 2020 में अनलॉक 1.0 के दौरान बेची गईं 1,398 यूनिट्स के मुकाबले 285 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पिछले महीने 282 यूनिट्स का निर्यात किया गया था। कंपनी ने जुलाई 2019 में 10,250 यूनिट्स की बिक्री की थी। जुलाई 2020 में अनलॉक 2.0 चरण के दौरान, कंपनी ने तीन मॉडल - 5वीं जेनरेशन City (सिटी), न्यू WR-V (डब्ल्यूआर-वी) और बीएस6 Civic (सिविक) डीजल मॉडल लॉन्च किए। कोविड-19 के चलते लॉकडाउन के कारण इसकी लॉन्चिंग टल गई थी।
होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट और डायरेक्टर, मार्केटिंग एंड सेल्स, राजेश गोयल ने कहा कि कंपनी ने जुलाई में अपने उत्पादन को पूर्व-कोविड स्तर के 60 फीसदी तक बढ़ा दिया।
उन्होंने कहा, "जुलाई धमाल वाला महीने था क्योंकि हमने 3 नए मॉडल लॉन्च किए- न्यू डब्ल्यूआर-वी, सिविक बीएस6 डीजल और ऑल-न्यू 5वीं पीढ़ी की होंडा सिटी, जिसने हमें बाजार में उत्साह पैदा करने और खरीदारी के सेंटीमेंट सुधारने में मदद की है। खास तौर पर सिटी ने आश्चर्यजनक ग्राहक प्रतिक्रिया हासिल की है और मिड-साइज सेडान सेगमेंट में हलचलच पैदा करने में सफल रही है।"
उन्होंने कहा, "हमने धीरे-धीरे जुलाई में प्री-कोविड स्तर के 60 फीसदी तक अपने उत्पादन को बढ़ाया और जून 2020 की तुलना में 285 फीसदी की कुल क्रमिक वृद्धि दर्ज करते हुए हमारे साथ उपलब्ध पूरे स्टॉक को निकाल दिया है।"
उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए कुछ बाजारों में रुक-रुक कर स्थानीय लॉकडाउन हुए हैं, "मांग में वृद्धि से निश्चित रूप से कार की बिक्री में महीने-दर-महीने के हिसाब से सुधार हुआ है"।
गोयल ने कहा, "त्योहारी सीजन के साथ, हम उद्योग के धीरे-धीरे वापस पटरी पर आने को लेकर काफी सकारात्मक हैं।"