होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Honda Motorcycle & Scooter India Private Limited) ने कोरोना काल में एक नया मील का पत्थर हासिल कर लिया है। कंपनी ने भारत में अपने बीएस-6 वाहनों के 10 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री कर ली है। कंपनी की तरफ से बताया गया है कि भारतीय बाजार में उसके बीएस-6 दो-पहिया वाहनों को 11 लाख से ज्यादा ग्राहकों ने खरीदा है।
होंडा टू-व्हीलर इंडिया ने #AQuietRevolution के तहत समय सीमा से छह महीने पहले ही बीएस-6 वाहनों की बिक्री शुरू कर दी थी। कंपनी ने सितंबर 2019 में अपनी Activa125 को बीएस6 इंजन के साथ लॉन्च किया था। यही कारण है कि वित्तवर्ष 2019-20 के खत्म होने पर होंडा इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा बीएस6 वाहन बिक्री करने वाली कंपनी है। होंडा ने वित्तवर्ष 2019-20 में 6.5 लाख बीएस6 वाहनों की बिक्री की है।
भारतीय बाजार में कंपनी के बीएस6 वाहनों की बिक्री पर प्रतिक्रिया देते हुए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, “होंडा में यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है, कि हमारे 11 उन्नत बीएस-6 मॉडल ने भारत के ग्राहकों का विश्वास जीता है। वास्तव में, बीएस-6 युग में होंडा का यह #AQuietRevolution हमारे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के रूप में इंडस्ट्री के सबसे विविध 110 सीसी स्कूटर और 1100 सीसी प्रीमियम एडवेंचर बाइक तक जा रही मोटरसाइकिलों से शुरू हुआ है। जैसा कि कई ग्राहक अब न्यू नॉर्मल के चुनौतीपूर्ण समय में सुरक्षा और स्वच्छता के लिए व्यक्तिगत गतिशीलता पसंद कर रहे हैं, होंडा अपनी ऑनलाइन बुकिंग, आकर्षक रिटेल फाइनेंस योजनाओं, उद्योग को 6 साल की वारंटी विकल्प आदि जैसे कई प्रयासों के साथ नए मूल्य को अनलॉक कर रहा है। हम आश्वस्त हैं कि लाखों भारतीय होंडा के विंग्स के साथ गतिशीलता के अपने सपने को साकार करना जारी रखेंगे।”
होंडा उन दो-पहिया वाहन कंपनियों में से एक है जिसने अपने लाइनअप को बीएस6 में सबसे पहले अपग्रेड करना शुरू कर दिया था।