मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर कोई गंदी गाड़ी लेकर कोई दुबई के पब्लिक पार्किंग स्पेस पर पाई गई तो उस पर 500 दिरहम यानी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। वहां के प्रशासन ने ऐसा शहर की छवि बनाए रखने के लिये किया है।
गल्फ न्यूज के मुताबिक दुबई मुनिसिपलिटी का कहना है कि पब्लिक स्पेस पर गाड़ी पार्क करने से शहर की छवि खराब होती है, साथ ही गर्मियों में विदेश की लंबी ट्रिप प्लान कर रहे वहां के नागरिकों को चेतावनी भी दी है। मुनिसिपलिटी ने पाया है कि लोग पब्लिक पार्किंग स्पेस में गाड़ी पार्क करके लंबी छुट्टी पर चले जाते हैं और गाड़ी साफ करने वाला कोई नहीं होता। ऐसे में धूल लगी खड़ी गाड़ी बेहद गंदी लगती है।
साथ ही मुनिसिपलिटी ने उन वाहनों को भी निशाने पर लिया है, जो दिखने में क्षतिग्रस्त, तोड़फोड़ और लंबे समय से एक ही जगह पर खड़े हुए हैं। नियम का उल्लंघन करने वालों की कार पर चेतावनी स्टिकर लगाया जाएगा और ड्राइवर को कार साफ करने के लिए 15 दिन का वक्त दिया जाएगा, उसके बाद कार को मुनिसिपलिटी के लोग उठा कर कबाड़ में ले जाएंगे। वहीं अगर वाहन का मालिक जुर्माना देने से इंकार करता है, तो उसकी कार या एसयूवी को नीलाम कर दिया जाएगा।