फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोनो वायरस: BMW, Mercedes, Kia, Maruti, Hyundai समेत कई ऑटो निर्माता ने बंद किया उत्पादन

Tue, 24 Mar 2020 01:39 PM IST
अमर शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

लग्जरी कार निर्माता कंपनी  BMW (बीएमडब्लयू), Mercedes-Benz (मर्सिडीज बेज) समेत भारत की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India (मारुति सुजुकी इंडिया) और Mahindra & Mahindra (महिंद्रा एंड महिंद्रा), Kia Motors India (किआ मोटर्स इंडिया), Fiat Chrysler Automobiles (FCA) (फिएट क्रिसलर ऑटोमोबाइल्स), Hyundai Motor (ह्यूंदै मोटर), Volkswagen (फॉक्सवैगन), Peugeot (प्यूजो) के साथ-साथ ऑटो कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियों ने एलान किया है कि वे कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण देश में अपने उत्पादन संयंत्रों को बंद कर रहे हैं। 
विज्ञापन
Honda Cars India
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले सप्ताह यूरोप, अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ऑटोमोबाइल कंपनियों के संयंत्रों को बंद करने के बाद यह कदम उठाया गया है, क्योंकि कोरोनोवायरस से वैश्विक मौत का आंकड़ा 13,000 को पार कर गया है। 
विज्ञापन


स्पोर्ट-यूटीलिटी वाहन निर्माता Mahindra & Mahindra ने कहा कि उसका उद्देश्य अपने विनिर्माण संयंत्रों में कोरोनो वायरस के मरीजों के लिए वेंटिलेटर बनाना शुरू करना है। Ferrari (फरारी) और Fiat (फिएट) सहित अन्य वाहन निर्माताओं इसी तरह के प्रयासों में जुटे हुए हैं। 

भारत में अब तक कम से कम 492 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और देशभर में 9 लोगों की मौत की खबर है। इसे देखते हुए सरकार ने देशभर में 31 मार्च तक ट्रेन और मेट्रो सेवाओं को निलंबित करने और कई राज्यों में लॉकडाउन का आदेश दिया है। 
विज्ञापन

BMW ने बंद किया प्लांट
लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW ने भी एलान किया है कि वह चेन्नई स्थित अपने विनिर्माण संयंत्र को 31 मार्च 2020 तक तत्काल प्रभाव से बंद रखेगी। हालांकि द नेशनल सेल्स कंपनी और BMW इंडिया फाइनेंशियल सर्विसेज के कर्मचारी इस दौरान वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) करेंगे। 

जर्मनी की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी ने कहा कि वह इस अवधि के दौरान भारत में अपने शोरूम बंद रखेगी। वहीं आफ्टर सेल्स सर्विस और ब्रेकडाउन सर्विसेज को लिमिटेड कर्मचारियों के साथ जारी रखा जाएगा।

होंडा कार्स ने बंद किया उत्पादन
Honda Cars India (होंडा कार्स इंडिया) ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और राजस्थान के तापुकरा में अपने विनिर्माण संयंत्रों के संचालन को 23 मार्च से लेकर 31 मार्च 2020 तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। 

कंपनी ने रविवार को इस बारे में घोषणा की। कंपनी ने यह आदेश COVID-19 के बढ़ते हुए मामले से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए और अपने सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिया है। कंपनी ने आगे कहा कि जोनल और क्षेत्रीय स्थानों सहित उसके कॉर्पोरेट कार्यालयों में काम को रिरूट किया जाएगा और कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) करेंगे। 

फिलहाल उत्पादन को 31 मार्च तक के लिए रोक दिया गया है। लेकिन कंपनी के नेतृत्व ने समीक्षा की और भविष्य की स्थिति के आधार पर, सरकार की नीतियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और बाजार और आपूर्ति की स्थिति के अनुसार कार्रवाई का अगला कदम उठाएगी। कंपनी ने कहा कि "भारत भर में सभी होंडा डीलरशिप को कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए ग्राहकों के साथ बातचीत के दौरान अनिवार्य प्रोटोकॉल को लागू करने के लिए कहा गया है।" 

होंडा कार्स इंडिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, गकू नक्षनि ने कहा, "इस कठिन समय में, स्वास्थ्य, सुरक्षा, और हमारे सहयोगियों, उनके परिवारों और समुदाय की भलाई का अत्यधिक महत्व है। हम इस कठिन चरण के दौरान हम उनके साथ खड़े हैं और सभी से COVID-19 को और फैलने से रोकने के लिए हर संभव उपाय करने का आग्रह करते हैं। सामाजिक रुप से अलग रहना समय की जरूरत है। यदि हम सामूहिक रूप से संयम, संकल्प और जिम्मेदारी दिखाते हैं तो हम इस महामारी को दूर कर सकते हैं।"  

बता दें कि इससे पहले COVID-19 के प्रकोप के चलते Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी), Honda (होंडा), Mahindra and Mahindra (महिंद्रा एंड महिंद्रा), Volkswagen (फॉक्सवैगन), Peugeot (प्यूजो) और और FCA India (एफसीए इंडिया) भी अपने संयंत्रों में अस्थाई तौर पर परिचालन बंद करने का एलान कर चुके हैं। दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने भी कोरोनावायरस महामारी के कारण इसके उत्पादन को निलंबित कर दिया है। 

दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 4 लाख के पास पहुंच गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, रविवार तक 169 देशों में 3 लाख 97 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं, जबकि मृतकों की संख्या 14 हजार से ज्यादा हो चुकी है। इसमें 91 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। 

मिंडा इंडस्ट्रीज, भारत फोर्ज बंद करेंगे विनिर्माण
ऑटो कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी मिंडा इंडस्ट्रीज और भारत फोर्ज ने घातक कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के उपायों के तहत अपने काराखानों में कामकाज रोकने की सोमवार को घोषणा की। 

मिंडा इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को बताया, "भारत के कुछ जिलों में कोविड-19 के फैलने का खतरा बढ़ने से उपजी चिंताओं और सरकार के निर्देशों के मद्देनजर, कुछ ओईएम (मूल उपकरण निर्माताओं) ने उत्पादन बंद करने की घोषणा की है। इसे देखते हुए उत्तर भारत, राजस्थान और महाराष्ट्र में अगले आदेश तक विनिर्माण कार्यों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।" 

इसी तरह भारत फोर्ज ने बीएसई को बताया, "कंपनी ने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए 23 मार्च 2020 से 31 मार्च 2020 तक भारत में अपने सभी कार्यालयों और विनिर्माण संयंत्रों में कामकाम बंद करने का निर्णय लिया है।" 

मिंडा इंडस्ट्रीज ने कहा कि इस बंद की अवधि आगे सरकार की नीति पर निर्भर करेगी। कंपनी ने यह भी कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते स्पेन, मैक्सिको और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) में भी उसका कामकाज काफी प्रभावित हुआ है। 

मारुति ने अगले आदेश तक बंद किया उत्पादन
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India (MSI) (मारुति सुजुकी इंडिया) ने रविवार को कहा कि उसने हरियाणा में कोरोनो वायरस के प्रकोप के कारण अपने विनिर्माण सुविधाओं के संचालन को निलंबित कर दिया है। कंपनी ने शेयर बाजार में एक नियामक फाइलिंग में बताया कि उसने हरियाणा में गुरुग्राम और मानेसर में उत्पादन और कार्यालय का संचालन बंद कर दिया है। 

कंपनी ने कहा, "मारुति COVID-19 (कोरोना वायरस) को फैलने से रोकने के लिए अपने संचालन में सभी अनुशंसित सावधानी बरत रही है। इसमें स्वच्छता, तापमान जांच, वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग को बढ़ाना और व्यक्तिगत संपर्क को कम करना, कर्मचारियों की यात्रा को बंद करना, कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी और दूर रहने की सलाह देना और इस विषय पर सरकार के निर्देशों का पालन करना शामिल है।" 

मारुति ने कहा है कि इस बंद की अवधि सरकार की नीति पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा, "अगले कदम के रूप में, सरकार की नीति के मुताबिक अब उत्पादन बंद करने की आवश्यकता है और इसी के अनुसार कंपनी ने उत्पादन बंद करने का निर्णय लिया है।" रोहतक में मारुति का अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) केंद्र भी बंद रहेगा। हरियाणा में कंपनी के दो प्लांट प्रति वर्ष 15.5 लाख वाहनों का उत्पादन करते हैं। 

मर्सिडीज, ह्यूंदै ने किया बंद का एलान
Mercedes-Benz (मर्सिडीज-बेंज) और Fiat (फिएट) के साथ-साथ बाइक निर्माता Bajaj Auto (बजाज ऑटो) ने कहा कि वे 31 मार्च तक अपने पुणे के संयंत्रों में उत्पादन रोक देंगे। फिएट ने कहा कि इससे नौकरियां नहीं जाएंगी और अपने सभी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करती रहेंगी।

दक्षिण कोरिया की Hyundai Motors (ह्यूंदै मोटर्स) ने कहा कि वायरस के फैलने पर राज्य सरकार के लॉकडाउन के कदम को देखते हुए सोमवार से वह अपने चेन्नई संयंत्र में मार्च के आखिर तक उत्पादन को निलंबित कर रही है। 
विज्ञापन

किआ ने भी बंद किया काम
Kia Motors India (किआ मोटर्स इंडिया) ने एक बयान जारी कर कहा, "COVID-19 (कोविड-19) के फैलने से पैदा हुई से अभूतपूर्व स्थिति और हमारे सभी उपभोक्ताओं, कर्मचारियों, श्रमिकों, भागीदारों और सहयोगियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने सभी कार्यों को तत्कार प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में कंपनी की विनिर्माण संयंत्र और कंपनी कार्यालय परिसर में अगली सूचना तक काम बंद रहेगा।" 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें