Classic Legends (क्लासिक लीजेंड्स) एक और प्रतिष्ठित ब्रांड BSA (बीएसए) को दोबारा लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर एलान किया है कि BSA की पहली मोटरसाइकिल यूके में 4 दिसंबर, 2021 को लॉन्च की जाएगी। कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए यह जानकारी सामने आई है।
कंपनी ने हाल ही में एक टीजर साझा किया है जिसमें लिखा है, 'रिटर्न ऑफ अ लेजेंड। हम विकसित हुए हैं, लेकिन हमारा डीएनए नहीं बदला है'। उम्मीद है कि बीएसए मोटरसाइकिल अगले 1-2 वर्षों के दौरान नई बाइक की एक विस्तृत श्रृंखला पेश करेगी। ये बाइक मूल क्लासिक डिजाइन को बरकरार रखेगी लेकिन आधुनिक उपकरणों से लैस होंगी।
बीएसए को 2016 में खरीदा
साल 2016 में प्रतिष्ठित ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड Birmingham Small Arms (बर्मिंघम स्मॉल आर्म्स) (BSA) को महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की सहायक कंपनी क्लासिक लीजेंड्स ने 28 करोड़ रुपये में खरीद लिया था। क्लासिक लीजेंड्स ने कहा था कि बीएसए ब्रांड अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर ध्यान केंद्रित करेगा, और यूरोप वह पहला स्थान होगा जहां इस आइकॉनिक ब्रांड को पुनर्जीवित किया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही भारत में BSA बाइक्स को पेश नहीं किया जाएगा।
Yezdi ब्रांड भी रिवाइव होगा
Classic Legends भारत में प्रतिष्ठित Yezdi ब्रांड को भी पुनर्जीवित करेगा। कंपनी फिलहाल दो प्रोटोटाइप की टेस्टिंग कर रही है, जिसे Yezdi ब्रांड्स के तहत लॉन्च किया जाएगा। आइकॉनिक Yezdi ब्रांड के तहत लॉन्च होने वाली पहली मोटरसाइकिल का नाम Roadking होगा, जो एक स्क्रैम्बलर बाइक है। इसके अलावा, कंपनी स्पोर्ट्स टूरर/एडवेंचर मोटरसाइकिल की भी टेस्टिंग कर रही है।
क्लासिक मोटरसाइकिल होगी लॉन्च
बीएसए मोटरसाइकिल द्वारा 4 दिसंबर, 2021 को एक क्लासिक मोटरसाइकिल लॉन्च करने की सबसे अधिक संभावना है। मोटरसाइकिल के शुरुआती प्रोटोटाइप को पुणे के आसपास टेस्टिंग करते हुए स्पॉट किया गया था। मोटरसाइकिल पूरी तरह से ढकी हुई थी। हालांकि, यह साफ है कि मोटरसाइकिल में एक बड़ा सिंगल-सिलेंडर इंजन होगा। बाइक में टेलिस्कोपिक फोर्क्स, डिस्क ब्रेक्स, डुअल-चैनल ABS सिस्टम और स्पोक व्हील्स होंगे।