Prof. Mahip Singh with his car
- फोटो : Facebook, Mahip Singh
लखटकिया कार के नाम से बहुप्रचारित टाटा मोटर्स की Nano भले ही लाख रुपये में न आती हो, लेकिन अब यूपी के एक शिक्षक ने एक वास्तव में एक लखटकिया इलेक्ट्रिक कार बनाई है जिसकी कीमत एक लाख रुपये से भी कम है। हालांकि दोनों कारों की क्वालिटी में खासा अंतर है। ग्रेटर नोएडा में आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोसेफर महिप सिंह ने भी टाटा मोटर्स के रतन टाटा जैसा ही सपना देखा था कि कम आय वाले लोगों के पास भी अपनी कार हो। क्योंकि कार की ज्यादा कीमतों की वजह से ज्यादातर लोग कार खरीदने के सपने को पूरा नहीं कर पाते।
कार की रेंज
महिप सिंह की इस इलेक्ट्रिक कार को बनाने में सिर्फ 80,000 रुपये का खर्च आया है। इस कार का सिंपल और आकर्षक डिजाइन इसे बढ़िया लुक देता है। फुल चार्जिंग पर यह कार 100 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेगी। खास बात यह है कि इस इलेक्ट्रिक कार को घर में इस्तेमाल किए जाने वाले सामान्य बिजली बोर्ड से चार्ज किया जा सकता है।
लॉकडाउन में मेहनत का फल
आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर महिप सिंह कहते हैं कि यह उनका सपना था कि ऐसे लोगों भी एक कार के मालकि बन सकें जिनका आय इतनी नहीं कि वे बाजार में उपलब्ध महंगी कारें खरीद सकें। अपने सपने को साकार करने के लिए महिप ने लॉकडाउन में मिले समय का भरपूर इस्तेमाल किया। महिप बताते हैं कि लगभग तीन महीने की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने इस इलेक्ट्रिक कार को तैयार कर लिया।
इस इलेक्ट्रिक कार की खास बातें
- इस 4-सीटर कार को 4 लोगों के छोटे परिवार की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है।
- चटख रंग, पहिए, लाइट, मीटर आदि से कार के डिजाइन को आकर्षक बनाया गया है।
- कार में लिथियम फेरस बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। इस बैटरी को फुल चार्ज करने में दो घंटे का समय लगता है।
- कार की मोटर क्षमता 1500 वाट है।
- एक बार चार्ज होने पर कार से सौ किलोमीटर का सफर तय कर किया जा सकता है।
- कार की टॉप स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा है।
- यह महज 6 सेकेंड में 40 किलोमीटर की टॉप स्पीड में पहुंच सकती है।
- कार में डिजिटल मीटर और डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
- जमीन से कार की ऊंचाई 6 इंच है।
- इस इलेक्ट्रिक कार का वजन 120 किलोग्राम है।
- कार को ऑटोमैटिक बनाया गया है।
आसानी से होगी पार्किंग
महिप बताते हैं कि कार को तैयार करने के लिए स्टील और एल्युमीनियम कंपोजिट सीट का इस्तेमाल किया गया है। रेगुलर कार की लंबाई लगभग 9 फीट और चौड़ाई 5 फीट होती है। हालांकि महिप ने अपनी तैयार की गई कार की लंबाई साढ़े छह फीट और चौड़ाई तीन फीट रखी है। कार के छोटे साइज की वजह से इसे कम जगह में आसानी से पार्क किया जा सकता है। जमीन से कार की ऊंचाई 6 इंच है और कार का वजन 120 किलोग्राम है। कार की मोटर क्षमता 1500 वाट है। कार में डिजिटल मीटर और डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
3 कार बनाने के मिले ऑर्डर
महिप कहते हैं कि उनकी इस सस्ती कार को लोग काफी पसंद कर रहे हैं और इसके साथ ही उन्हें इसके तीन ऑर्डर भी मिल चुके हैं। लोग इस कार के बारे में ज्यादा जानना चाहते हैं और इसकी जानकारी मांग रहे हैं। यह कार ऊपर से खुली हुई है। लिहाजा कुछ लोग ऊपर से कवर की हुई कार की मांग कर रहे है। महिप के मुताबिक पूरी तरह से कवर कार जल्द तैयार की जाएगी।