एप बेस्ट टेक्सी एग्रीगेटर उबर ने ऑड-ईवन के दौरान दिल्ली सरकार को बाइक-टैक्सी चलाने का प्रस्ताव भेजा है। राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद अगले महीने की चार नवंबर से 15 नवंबर तक ऑड-ईवन सिस्टम शुरू होने जा रहा है। दिवाली के पश्चात प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने इस सिस्टम को लागू करने का एलान किया था। ऑड-ईवन स्कीम में इस बार सीएनजी गाड़ियों को कोई छूट नहीं दी जाएगी, और उन्हें भी इसमें शामिल किया जाएगा।
उबर ने ऑड-ईवन स्कीम के दौरान दिल्ली सरकार को पांच हजार बाइक-टैक्सी चलाने का प्रस्ताव रखा है। उबर का कहना है कि योजना के दौरान लोगों को आने जाने में दिक्कत न हो, इससे निपटने के लिए यह प्रस्ताव दिया है। हालांकि मौजूदा नियमों के मुताबिक दिल्ली में बाइक-टैक्सी चलाने की अनुमति नहीं है। वहीं दिल्ली सरकार ने उबर के इस प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं लिया है।
सूत्रों का कहना है कि उबर ने दिल्ली सरकार के सामने एक लाख यात्रियों को घर से मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने के लिए पांच हजार बाइक-टैक्सी चलाने का प्रस्ताव रखा है। कंपनी इस सर्विस के तहत प्रत्येक राइड के लिए पांच रुपये वसूलेगी। कंपनी के मुताबिक 04 से 15 नवंबर के दौरान उबर फूड डिलिवरी नेटवर्क (UberEats) में लगी 2,500 बाइक्स को बाइक-टैक्सी में इस्तेमाल किया जाएगा।
सूत्र का कहना है कि बाइक-शेयरिंग सर्विस से शेयर्ड मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा। नोएडा और गुरुग्राम में यह सर्विस पहले से चालू है, और चार में से एक ट्रिप मेट्रो स्टेशन के नजदीक पर जाकर खत्म होती है। 12 दिनों तक चलने वाली इस स्कीम में सम दिनों पर सम संख्या वाले और विषम दिनों पर विषम संख्या वाले वाहन चलेंगे। वहीं इन नियमों का पालन न करने वालों पर दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इससे पहले दो पहिया वाहनों और महिलाओं को को इस नियम से छूट दी गई थी।