सेडान सेगमेंट पिछड़ा
मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (मार्केटिंग और सेल्स) शशांक श्रीवास्तव का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान के कुछ महीनों को छोड़ दें, तो लगभग पूरे साल हैचबैक कारों ने अपनी बढ़त लगातार बनाए रखी है। पिछले पांच सालों के दौरान हैचबैक कारों की बाजार में हिस्सेदारी 45-47 फीसदी तक रही है। वहीं एसयूवी सेगमेंट में हो रही ग्रोथ का खामियाजा सेडान सेगमेंट को भुगतना पड़ रहा है। सेडान कारों का मार्केट लगातार सिकुड़ रहा है। 2021 में मारुति सुजकी की कुल बिक्री में हैचबैक कारों की हिस्सेदारी 67 फीसदी रही है।
मिड साइज एसयूवी सेगमेंट में क्रेटा अव्वल
वहीं स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट की बात करें, तो इस समय तकरीबन 43 ब्रांड्स बाजार में ग्राहकों का ध्यान बटोर रहे हैं। लेकिन इनमें बाजी ह्यूंदै क्रेटा के हाथ लगी है। 2021 में क्रेटा की 125,437 यूनिट्स की बिक्री हुई है। टॉप 10 कारों की लिस्ट में क्रेटा पांचवे नंबर पर रही है। वहीं टॉप 10 सूची में मारुति की विटारा ब्रेजा और टाटा नेक्सन भी शामिल रही हैं। ब्रेजा की 2021 में 115,962 यूनिट्स की बिक्री हुई, तो नेक्सन की 108,577 यूनिट्स बेची गईं।
एंट्री लेवल एसयूवी सेगमेंट में बाजी ब्रेजा के हाथ
शशांक श्रीवास्तव का कहना है कि विटारा ब्रेजा अभी भी ग्राहकों में काफी पॉपुलर है और एंट्री लेवल एसयूवी सेगमेंट के मार्केट में ब्रेजा का कब्जा लगातार बना हुआ है। वहीं मिड साइज एसयूवी सेगमेंट (फिलहाल मारुति के पास इस सेगमेंट में कोई व्हीकल नहीं है) एसयूवी सेगमेंट पर भारी पड़ रहा है। 2021 में एसयूवी सेगमेंट में मारुति की हिस्सेदारी 21 फीसदी रही है। इस सेगमेंट में सिक्का ह्यूंदै का चला है, जहां क्रेटा 2021 में इस सेगमेंट की लीडर बनी हुई है और जबरदस्त पकड़ बनाए हुए है।