जर्मन लग्जरी कार ब्रांड ऑडी ने भारत में अपनी प्रीमियम SUV Q7 का नया सिग्नेचर एडिशन लॉन्च कर दिया है। नया एडिशन डिजाइन, टेक्नोलॉजी और फीचर्स के मामले में Q7 के स्टैंडर्ड मॉडल से काफी अलग नजर आता है। इस सिग्नेचर एडिशन की सबसे बड़ी खासियत है इसमें दिया गया एस्प्रेसो मोबाइल सिस्टम, जो यात्राओं के दौरान ताजा कॉफी बनाने की सुविधा देता है। भारत में यह फीचर किसी अन्य SUV में अब तक नहीं देखा गया है।
Audi Q7 Signature Edition को पांच आकर्षक रंगों- साखिर गोल्ड, वेटोमो ब्लू, मिथोस ब्लैक, ग्लेशियर व्हाइट और समुराई ग्रे में लॉन्च किया गया है। SUV के बाहरी डिजाइन में ‘ऑडी फोर रिंग्स’ वेलकम LED लाइट्स दी गई हैं, जो रात के समय जमीन पर कंपनी का लोगो प्रोजेक्ट करती हैं। इसके अलावा डायनामिक व्हील हब कैप्स लगाए गए हैं, जिन पर ऑडी का लोगो चलते वक्त भी सीधा रहता है।
इस वैरिएंट में 20-इंच के स्पोर्टी अलॉय व्हील्स के साथ रेड ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं, जो SUV को और भी प्रीमियम लुक देते हैं। मेटलिक फिनिश कवर और स्टेनलेस स्टील पेडल कवर्स इसकी स्पोर्टी अपील को और बढ़ाते हैं।
यह भी पढ़ें: बिना ड्राइवर फैक्ट्री से मालिक के घर पहुंची टेस्ला कार, पहली बार हुई ऐसी कार डिलीवरी
SUV के इंटीरियर में सात पैसेंजर सीटें दी गई हैं, जिसमें तीसरी पंक्ति की सीटें इलेक्ट्रिकली फोल्ड की जा सकती हैं। इसमें 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कस्टमाइज होने वाला डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 19-स्पीकर वाला बैंग एंड ओलुफसन 3D साउंड सिस्टम दिया गया है।
ऑडी ने इसमें एडवांस फीचर्स जैसे पैनोरमिक सनरूफ, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एडजस्टेबल एम्बिएंट लाइटिंग, MMI नेविगेशन प्लस, वायरलेस चार्जिंग, फोन बॉक्स, 360-डिग्री कैमरा और पार्क असिस्ट प्लस भी शामिल किए हैं। ऑडी डैशकैम से गाड़ी की सुरक्षा को और भी बेहतर बनाया गया है।
SUV के एक्सटीरियर में नई LED हेडलाइट्स और OLED टेल लाइट्स दी गई हैं, जो अब चार अलग-अलग लाइट सिग्नेचर्स के साथ आती हैं। साथ ही, फंक्शनल एयर इनटेक्स और पियानो ब्लैक इन्सर्ट्स इसके डिजाइन को बोल्ड बनाते हैं।
Q7 सिग्नेचर एडिशन में 3.0 लीटर का V6 TFSI पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 340 हॉर्सपावर और 500 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 48V माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम भी शामिल है, जिससे पावर के साथ-साथ बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी मिलती है। इस इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है और ऑडी का क्वाट्रो ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम पावर को चारों पहियों में समान रूप से भेजता है।
यह भी पढ़ें: क्या होता है ABS, कैसे करता है काम, जानिए दोपहिया वाहनों में क्यों जरूरी है ये फीचर
SUV में सात ड्राइव मोड्स दिए गए हैं जिनमें ऑटो, कम्फर्ट, डायनामिक, एफिशिएंसी, ऑफ-रोड, ऑल-रोड और इंडिविजुअल शामिल हैं। ये कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 5.6 सेकंड में पकड़ सकती है।
सुरक्षा के लिहाज से भी यह SUV बेहतरीन है। इसमें 8 एयरबैग्स, लेन डिपार्चर वॉर्निंग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलाइजेशन प्रोग्राम, एडैप्टिव विंडस्क्रीन वाइपर्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं।