अगर आपका बजट थोड़ा टाइट है और आप लंबी ड्राइविंग के शौकीन हैं, तो पेट्रोल पर होने वाले ज्यादा खर्च से बचने के लिए डीजल कार एक विकल्प हो सकती है। डीजल गाड़ियों का एक बड़ा फायदा उनका दमदार टॉर्क और अच्छा माइलेज है, जो खासतौर पर हाईवे पर लंबी दूरी तय करने वालों के लिए उपयोगी हो सकता है।
भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में कुछ ऐसी डीजल गाड़ियां भी मौजूद हैं, जो कीमत के साथ-साथ परफॉर्मेंस के मामले में भी किफायती विकल्प मानी जाती हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही पांच कारों के बारे में।
1. टाटा अल्ट्रोज
- अगर आप बजट ज्यादा नहीं है, तो टाटा अल्ट्रोज एक बढ़िया विकल्प हो सकती है। यह देश की किफायती डीजल हैचबैक कारों में शामिल है। इसमें सेफ्टी के साथ प्रीमियम फील भी मिलता है।
- इसका डीजल इंजन अच्छा पिकअप देने के साथ माइलेज के मामले में भी उपयोगी है। अगर आपकी डेली रनिंग ज्यादा है, तो अल्ट्रोज आपके लिए एक विकल्प हो सकती है।
2. महिंद्रा बोलेरो
- गांव हो या शहर, महिंद्रा बोलेरो हर क्षेत्र के लोगों की पसंदीदा कारों में से एक है। अगर आपको ऐसी गाड़ी चाहिए जो खराब रास्तों पर भी आसानी से चल सके और ज्यादा मेंटेनेंस की जरूरत न पड़े, तो बोलेरो पर विचार किया जा सकता है।
- इसका डीजल इंजन भरोसेमंद माना जाता है और लंबे सफर में भी अच्छा प्रदर्शन करता है। कम बजट में मजबूत और प्रैक्टिकल गाड़ी चाहने वालों के लिए यह एक उपयोगी विकल्प है।
3. महिंद्रा बोलेरो नियो
- अगर आपको बोलेरो की मजबूती पसंद है, लेकिन इसके साथ थोड़ा मॉडर्न और स्टाइलिश डिजाइन भी चाहते हैं, तो महिंद्रा बोलेरो नियो एक विकल्प है।
- इसमें बोलेरो की तरह दमदार डीजल इंजन और रियर-व्हील ड्राइव (RWD) सेटअप मिलता है। इसके साथ केबिन को भी पहले की तुलना में मॉडर्न टच दिया गया है।
- बड़े परिवार के लिए कम बजट में 7-सीटर डीजल एसयूवी तलाश रहे ग्राहकों के लिए बोलेरो नियो पर विचार किया जा सकता है।
4. टाटा नेक्सन
- भारतीयों की पसंदीदा कारों की लिस्ट में टाटा नेक्सन का नाम जरूर होता है। इसका डीजल वेरिएंट उन लोगों के लिए विकल्प हो सकता है, जो स्टाइल के साथ पावर भी चाहते हैं।
- हाईवे पर इसका ड्राइविंग अनुभव उपयोगी है और डीजल इंजन अच्छा माइलेज देने में मदद करता है। पांच-स्टार सेफ्टी रेटिंग के साथ आने वाली यह कार फैमिली के साथ लंबी रोड ट्रिप के लिए भी एक विकल्प है।
5. किआ सोनेट
अगर आपका फोकस माइलेज के साथ लेटेस्ट फीचर्स और मॉडर्न डिजाइन पर है, तो किआ सोनेट को भी लिस्ट में शामिल किया जा सकता है। इसका डीजल इंजन रिफाइंड है, जिससे केबिन में शोर और वाइब्रेशन कम महसूस हो सकता है। इसमें मिलने वाले ऑटोमैटिक और मैनुअल गियरबॉक्स विकल्प इसे शहर के ट्रैफिक में भी चलाने में आसान बनाते हैं।
डीजल कारों के क्या हैं फायदे?
- पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भले ही बहुत बड़ा अंतर न रह गया हो, लेकिन माइलेज और परफॉर्मेंस की बात करें तो डीजल इंजन का अपना फायदा है। डीजल इंजन का टॉर्क ज्यादा होने के कारण फुल लोड में भी गाड़ी को चढ़ाई या पहाड़ी रास्तों पर चलाने में मदद मिलती है।
- अगर आप महीने में एक हजार किलोमीटर से ज्यादा गाड़ी चलाते हैं, तो ज्यादा माइलेज के कारण डीजल कार आपके ईंधन खर्च को कम करने में मदद कर सकती है।
मेंटेनेंस और रीसेल वैल्यू
- अक्सर लोगों को लगता है कि डीजल कार की सर्विसिंग काफी महंगी होती है। हालांकि, आधुनिक गाड़ियों में समय पर सर्विस कराने पर मेंटेनेंस खर्च को सीमित रखा जा सकता है।
- इसके अलावा महिंद्रा और टाटा जैसी कंपनियों की डीजल कारों को सेकंड हैंड मार्केट में भी अच्छी रीसेल वैल्यू मिल सकती है। इससे कार बेचते समय बेहतर कीमत मिलने की संभावना रहती है।
कार खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- कार खरीदने से पहले अपनी जरूरत को समझना सबसे जरूरी है। अगर आपका ज्यादातर सफर शहर में छोटे-मोटे कामों के लिए होता है, तो हैचबैक आपके लिए पर्याप्त हो सकती है।
- वहीं, अगर आप परिवार के साथ अक्सर हाईवे पर सफर करते हैं या खराब रास्तों पर भी गाड़ी चलानी पड़ती है, तो एसयूवी पर विचार किया जा सकता है। हालांकि कार कोई भी लें, लेकिन उससे पहले उसकी टेस्ट ड्राइव जरूर लें, सर्विस नेटवर्क की जानकारी हासिल करें और अपनी जरूरत व बजट के हिसाब से सही विकल्प चुनें।